
अखिलेश यादव ने लखनऊ में की प्रेस वार्ता (Social Media)
Lucknow: लखनऊ में महिला समानता दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी ने महिलाओं के मुद्दों को लेकर बड़ा सियासी संदेश दिया। सपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव और कैराना सांसद इकरा हसन ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, आर्थिक मजबूती और समान प्रतिनिधित्व की जरूरत पर जोर दिया। इस दौरान सपा ने अपने घोषणापत्र में शामिल ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ को आगे बढ़ाने का ऐलान किया।
सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि हर महिला का सम्मान जरूरी है। महिलाओं को केवल सामाजिक सम्मान ही नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने ‘स्त्री सम्मान योजना’ की शुरुआत करने की बात कही और बताया कि योजना की शुरुआत 40 हजार रुपये से की जाएगी। डिंपल यादव ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और सम्मान को सामाजिक न्याय से जोड़ते हुए कहा कि बराबरी का अवसर मिलना जरूरी है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी अपने घोषणापत्र में शामिल स्त्री सम्मान समृद्धि योजना को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी सरकार बनने पर महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। उन्होंने समाजवादी पेंशन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पहले महिलाओं के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जाती थी।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लिए नारी केवल एक नारा बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं जानती हैं कि महिला आरक्षण कानून पास हो चुका है, लेकिन इसे लागू करने में देरी की जा रही है। उन्होंने मांग की कि अगले चुनाव में महिला आरक्षण को लागू किया जाए, ताकि महिलाओं को राजनीति में वास्तविक भागीदारी मिल सके।
सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी सरकार के दौरान महिलाओं की मदद के लिए आशा ज्योति केंद्र बनाए गए थे, जहां कानूनी और स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने इन व्यवस्थाओं को खत्म कर दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को फिर से खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता होगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डिंपल यादव ने CJP प्रोटेस्ट को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोनम वांगचुक को हिरासत में लिए जाने के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें जिस तरह सफेद कपड़ों में उठाया गया, उससे लोगों को दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वालों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए। वहीं भाजपा पर हमला करते हुए डिंपल यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को हराना मुश्किल नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में समाजवादी पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी।
Location : Lucknow
Published : 26 August 2026, 2:26 PM IST