
आगरा से रैली को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव (Image: Social Media)
Agra News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने दलित मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने की कोशिश तेज कर दी है। रविवार को आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दलित महासम्मेलन में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने PDA को नया राजनीतिक संदेश देते हुए कहा, 'D का मतलब दमदार दलित है। इस बार भाजपा को दलित दलेगा।' उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए दलित वोट बैंक को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर दलितों और पिछड़ों के अपमान, उत्पीड़न और आरक्षण को कमजोर करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मनुवादी सोच वाली सरकार की लाठी नहीं, इस बार लैपटॉप जीतेगा। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दलितों का उत्पीड़न हुआ है और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 200 से अधिक प्रतिमाएं तोड़ी गई हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब की प्रतिमाओं पर हमला सिर्फ उनका अपमान नहीं है, बल्कि उनके हाथ में मौजूद संविधान की किताब पर भी हमला है। अखिलेश ने दलितों के साथ कथित भेदभाव की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि दलितों के मंदिरों में जाने और उनके घरों में पहुंचने के बाद गंगाजल से शुद्धीकरण जैसी घटनाएं समाज में मौजूद भेदभाव को दिखाती हैं।
Akhilesh Yadav Big Statement in Agra: संविधान रहेगा तो आरक्षण रहेगा, संविधान रहेगा तो न्याय मिलेगा- अखिलेश यादव
#dynamitenews #AkhileshYadav #Constitution #Reservation #AgraNews #SamajwadiParty #UPPolitics @yadavakhilesh @samajwadiparty https://t.co/ZXrTTuGtaZ
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) November 15, 2026
सपा अध्यक्ष ने भाजपा के 80 और 20 फीसदी वाले राजनीतिक विमर्श पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वह साबित कर देंगे कि 2027 का विधानसभा चुनाव पांच फीसदी बनाम 95 फीसदी का होगा। अखिलेश के मुताबिक, 95 फीसदी में वे लोग शामिल होंगे, जो दुखी और अपमानित हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा से परेशान ये सभी लोग समाजवादी पार्टी के साथ खड़े होंगे।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग 2024 में हारे हैं, वे 2027 में भी हारकर जाएंगे। अखिलेश ने कहा कि जिन्हें उत्तर प्रदेश की जनता ने इतना बड़ा सम्मान देकर स्वागत किया है, उन्हें 2027 में शानदार विदाई दी जाएगी।
@yadavakhilesh @samajwadiparty #PDA #BJP #Agra #UttarPradeshPolitics #DalitPolitics #PoliticalNews
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) November 15, 2026
अखिलेश यादव ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर भी प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने 26 हजार स्कूल बंद किए हैं, जिसका असर शिक्षकों की नौकरियों पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार नौकरियों के साथ आरक्षण को भी खत्म करने की तैयारी कर रही है।
सपा अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कानून के साथ सामाजिक न्याय और समानता के आधार पर व्यवस्था चलाई जाएगी।
अखिलेश यादव ने PDA को लेकर विरोधियों के तंज का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि PDA का मतलब 'पलट दिए अखिलेश' नहीं, बल्कि 'पलट देय अखिलेश' है। इस बयान के जरिए उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधा और PDA के संदेश को दोहराया।
आगरा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने PDA की परिभाषा को लेकर BJP और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तंज कसा। उन्होंने 'पलट दिए अखिलेश' वाली टिप्पणी पर जवाब देते हुए कहा कि PDA से घबराकर अब नए लोग भी इसकी परिभाषा बताने लगे हैं। अखिलेश ने कहा कि देश मनुविधान से नहीं, बल्कि संविधान से चलेगा
#AkhileshYadav #PDA #SamajwadiParty #BJP #Agra #UPPolitics #UPNews #UttarPradesh #Trending @yadavakhilesh
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) November 15, 2026
आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित इस महासम्मेलन में अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद, रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह, विधायक रागिनी सोनकर और सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी के बीच अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में लगातार भाजपा सरकार को निशाने पर रखा।
Location : Agra
Published : 15 November 2026, 5:14 PM IST