खराब मौसम से हवाई सेवाएं प्रभावित, तीन विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारे गए

दिल्ली में मंगलवार देर रात खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं। सुरक्षा कारणों से अहमदाबाद, गुवाहाटी और चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही तीन उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 June 2026, 7:13 PM IST

Lucknow: राजधानी Delhi में मंगलवार देर रात अचानक मौसम खराब होने से हवाई सेवाएं प्रभावित हो गईं। तेज खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण कई विमानों को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके चलते अहमदाबाद, गुवाहाटी और चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही तीन उड़ानों को Lucknow एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा।

 एटीसी ने सुरक्षा कारणों से नहीं दी लैंडिंग की अनुमति

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार दिल्ली में मौसम अचानक बिगड़ने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ विमानों की लैंडिंग रोक दी। कम दृश्यता और खराब मौसम के कारण पायलटों को विमान उतारने में दिक्कत हो रही थी। इसके बाद संबंधित विमानों को लखनऊ एयरपोर्ट भेजा गया, जहां उन्हें सुरक्षित उतारा गया।

देर रात लखनऊ पहुंचे विमान

अहमदाबाद से दिल्ली जा रही Air India की उड़ान संख्या एआई-532 रात करीब 12:25 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। मौसम सामान्य होने के बाद विमान रात 2:15 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ। वहीं, गुवाहाटी से दिल्ली जा रही Air India Express की फ्लाइट आईएक्स-1042 भी रात 12:37 बजे लखनऊ पहुंची। यह उड़ान करीब 2:05 बजे दोबारा दिल्ली के लिए रवाना की गई।

इसके अलावा चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाली IndiGo की उड़ान 6ई-2193 को भी लखनऊ डायवर्ट किया गया। यह विमान रात 12:45 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा और करीब 2:50 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ।

 यात्रियों को दी गई जरूरी सुविधाएं

लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि सभी डायवर्ट की गई उड़ानों के यात्रियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। एयरलाइंस और एयरपोर्ट कर्मचारियों ने यात्रियों की मदद की और उन्हें समय-समय पर उड़ानों की जानकारी दी।

हालांकि देर रात उड़ानें डायवर्ट होने से यात्रियों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला जरूरी माना गया। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही सभी उड़ानों को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

Location :  Lucknow

Published :  10 June 2026, 7:13 PM IST