
आगरा शिक्षक एमएलसी चुनाव (सोर्स- एक्स)
Agra: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कथित अनियमितताओं और शिकायतों के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। चुनाव के दौरान गड़बड़ी की शिकायतों के मद्देनजर आगरा के तीन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने की संस्तुति की गई है। इस संबंध में रिटर्निंग अधिकारी ने प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को भेज दिया है और अब आयोग की अंतिम मुहर का इंतजार किया जा रहा है।
शिकायतें मिलने के बाद जिन तीन प्रमुख मतदेय स्थलों पर पुनर्मतदान की संस्तुति भेजी गई है, वे इस प्रकार है-
खेरागढ़: तहसील परिसर स्थित कक्ष संख्या-1 (मतदान केंद्र संख्या 20)
सैंया: क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित कक्ष संख्या-1 (मतदान केंद्र संख्या 21)
फतेहाबाद: क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित कक्ष संख्या-1 (मतदान केंद्र संख्या 26)
इन सभी केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया के दौरान विभिन्न गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके आधार पर यह प्रशासनिक कदम उठाया गया है।
बूथों पर दोबारा मतदान
आगरा शिक्षक MLC चुनाव (सोर्स- एक्स)
समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए थे। इन शिकायतों को दर्ज कराने के लिए वह बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे कमिश्नरी पहुंचे और कमिश्नर नगेंद्र प्रताप से मुलाकात की।
डॉ अग्रवाल ने आरोप लगाया कि खेरागढ़ के बूथ संख्या-20 पर भाजपा प्रत्याशी के भतीजे ने बूथ पर कब्जा कर लिया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि भोजन के समय पीठासीन अधिकारी ने मतदान कक्ष को बंद कर मतदाताओं को बाहर निकाल दिया था। इसके अलावा, उन्होंने छाता के बूथ संख्या-40 और नगर निगम इंटर कॉलेज के बूथ संख्या-10 पर भी गड़बड़ी के आरोप लगाए, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
शिकायत दर्ज कराने के दौरान सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल भावुक हो गए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनके लिए जीत-हार से ज्यादा समर्थकों और शिक्षकों का सम्मान अहम है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ ऐसा बर्ताव किया जा रहा है जैसे वे कोई अपराधी हों। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें पहले से इस उत्पीड़न का अंदाजा होता, तो वे चुनाव लड़ने का फैसला नहीं करते।
Location : Agra
Published : 24 October 2026, 10:23 AM IST
Topics : Agra Teacher MLC Election Election Commission Re polling recommendation Samajwadi Party UP MLC Election