हिंदी
इलाज के अभाव में महिला ने तोड़ा दम
Agra: एक महिला यात्री की ट्रेन में तबीयत बिगड़ गई। उसने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन पर मदद मांगी लेकिन यात्री को तत्काल मेडिकल सहायता नहीं मिल सकी। जब ट्रेन स्टेशन पहुंची तो महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार केरल की रहने वाली तिलकम रविवार रात अपने पति गोविंद राज के साथ तमिलनाडु एक्सप्रेस (12622) से नई दिल्ली से चेन्नई जा रही थीं। वह कोच एसबी-5 की सीट संख्या 65 पर यात्रा कर रही थीं। रात करीब नौ बजे ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चली।
यात्रा के दौरान उन्हें बेचैनी महसूस हुई और पसीना आने लगा। रात 10:21 बजे पति ने रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर काॅल कर मदद मांगी लेकिन तत्काल चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल सकी।
डेढ़ घंटे बाद ट्रेन 11:51 बजे आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची, जहां रेलवे अस्पताल के डॉ. रवि कसाना ने प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद महिला को 12:25 बजे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां रात 12:47 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया। जीआरपी आगरा कैंट के इंस्पेक्टर संदीप तोमर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्टअटैक से माैत की पुष्टि हुई है।
आगरा में तेज रफ्तार का कहर, एक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, बेटा सहित तीन गंभीर घायल
बीच में नहीं था कोई स्टाॅप
नई दिल्ली से चलने के बाद आगरा कैंट तक बीच में तमिलनाडु एक्सप्रेस का कोई स्टाॅप नहीं था। हालांकि, मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में ट्रेन को बीच में रोका जा सकता है लेकिन ऐसा नहीं किया गया और महिला की जान चली गई। इस घटना ने रेलवे की आधुनिक सेवाओं और रेल मदद एप के दावों की भी पोल खोल दी। समय पर इलाज न मिलने के कारण महिला की मौत ने रेलवे में लापरवाही उजागर हुई है।
Location : Agra
Published : 11 August 2026, 5:20 AM IST