
पत्नी की आखिरी इच्छा के लिए रिश्तेदारों से भिड़ा पति (Image Source: AI Generated)
Agra: उत्तर प्रदेश के सैमरा गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए रिश्तेदारों और सामाजिक विरोध के बावजूद अपना फैसला नहीं बदला। मुस्लिम मूल की रुखसाना ने वर्षों पहले हिंदू धर्म अपनाकर महेंद्र सिंह जाटव से विवाह किया था और अपना नाम मंजू रख लिया था। शुक्रवार देर रात बीमारी के चलते 55 वर्षीय मंजू का निधन हो गया। शनिवार को जब उनके अंतिम संस्कार की तैयारी हुई तो पति और बच्चों ने दाह संस्कार के बजाय उन्हें दफनाने की मांग रखी। परिवार का कहना था कि मंजू ने जीवित रहते हुए यही इच्छा जताई थी और उन्होंने उनसे ऐसा करने का वादा भी किया था। आखिरकार पुलिस और ग्रामीणों की मध्यस्थता के बाद पति के हिस्से के खेत में मंजू को दफनाया गया।
जानकारी के अनुसार, मंजू मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं। उनका पहले नाम रुखसाना था और उनकी उम्र 55 वर्ष थी। वर्षों पहले उन्होंने सैमरा गांव के निवासी महेंद्र सिंह जाटव से विवाह किया था। शादी के बाद उन्होंने हिंदू धर्म अपना लिया और अपना नाम मंजू रख लिया। इसके बाद वह अपने पति और परिवार के साथ रह रही थीं। दंपती के 12 बच्चे हैं।
शुक्रवार देर रात बीमारी के चलते मंजू का निधन हो गया। शनिवार सुबह उनके अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू हुई। रिश्तेदार और ग्रामीण हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उनका दाह संस्कार करना चाहते थे, लेकिन पति महेंद्र सिंह और बच्चों ने इसका विरोध किया। परिवार का कहना था कि मंजू ने अपनी जिंदगी में स्पष्ट इच्छा जताई थी कि मृत्यु के बाद उनका दाह संस्कार नहीं किया जाए, बल्कि उन्हें दफनाया जाए। पति और बच्चों ने बताया कि उन्होंने मंजू से उनकी इस आखिरी इच्छा को पूरा करने का वादा किया था।
ये भी पढ़े: आगरा में राजनीतिक पारा चढ़ा: दलित महासम्मेलन से पहले लगे पोस्टर पर बवाल, सपा कार्यकर्ता भड़के
मंजू को दफनाने के फैसले पर परिवार के भीतर ही रिश्तेदारों के साथ विवाद शुरू हो गया। दूसरी ओर, गांव के मुस्लिम समाज के लोगों ने धर्म परिवर्तन का हवाला देते हुए अपने कब्रिस्तान में शव दफनाने से इन्कार कर दिया। ऐसे में परिवार के सामने अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए जगह का सवाल खड़ा हो गया। दाह संस्कार के लिए रिश्तेदारों का दबाव और कब्रिस्तान में जगह नहीं मिलने के कारण मामला बढ़ता चला गया।
विवाद और हंगामे के बाद मामला सैमरा पुलिस चौकी पहुंचा। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस और संभ्रांत ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान परिवार अपने फैसले पर कायम रहा। पति महेंद्र सिंह और बच्चों का कहना था कि वे मंजू की आखिरी इच्छा और उनसे किए गए वादे से पीछे नहीं हटेंगे।
ये भी पढ़े: त्योहारों में रेलवे का बड़ा तोहफा: आगरा से दिल्ली और झांसी के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
मामले में पुलिस और ग्रामीणों की मध्यस्थता के बाद आखिरकार आपसी सहमति बनी। तय हुआ कि मंजू के शव को उनके पति महेंद्र सिंह के हिस्से के खेत में दफनाया जाएगा। शनिवार शाम पति और बच्चों ने नम आंखों से मंजू को अंतिम विदाई दी और खेत में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। इस तरह परिवार ने मंजू की जीवित रहते जताई गई अंतिम इच्छा पूरी की।
एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि यह पूरी तरह पारिवारिक और भावनात्मक विषय था। पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों पक्षों को समझाया गया, जिसके बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया। इसके बाद शव को दफनाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
Location : Agra
Published : 15 November 2026, 4:32 PM IST
Topics : Agra news Hindu Muslim Family Story Husband Fulfills Wife Last Wish Samra Village News Woman Buried in Farm