हिंदी
गरा में महिला के सिर पर ईंट मारने का आरोप (Img: AI Generated Image)
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। थाना एकता क्षेत्र के गुतिला गांव में एक महिला ने आरोप लगाया है कि घर पर नहाते समय कुछ युवक उसकी तरफ झांक रहे थे। विरोध करने पर मामला इतना बढ़ गया कि महिला के साथ मारपीट की गई और उसके सिर पर ईंट मारकर घायल करने का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के बेटे के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुतिला गांव निवासी शमा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने घर पर नहा रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान पंकज और अंकित उनकी तरफ झांक रहे थे।महिला ने जब इसका विरोध किया तो दोनों कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। मामला यहीं नहीं रुका। शिकायत के अनुसार, कुछ ही देर में जितेंद्र, गुंजीत और शोरन भी वहां पहुंच गए।
इसके बाद विवाद बढ़ गया और महिला के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसी दौरान उनके सिर पर ईंट मार दी गई, जिससे वह घायल हो गईं।
ये भी पढ़ें- रात में हुई वारदात, सुबह झाड़ियों में मिली लाश… लखनऊ पुलिस जांच में जुटी
महिला की चीख-पुकार सुनकर उनका बेटा रिहान मौके पर पहुंचा। शिकायत के मुताबिक, उसने अपनी मां को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। रिहान की आंख के पास अंदरूनी चोट आने की बात सामने आई है। महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपितों की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में बल तैनात किया है।
ये भी पढ़ें- अमृतपुर में सपा टिकट की रेस तेज! गांव-गांव पहुंच रहे दावेदार, किसके नाम पर लगेगी मुहर?
एकता थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र कुमार नागर ने बताया कि गुतिला गांव में महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। एकता पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और जांच के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। घटना के पीछे विवाद की पूरी वजह और मारपीट की परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।
Location : Agra
Published : 24 September 2026, 10:35 AM IST
Topics : Agra news Gutila Village Woman Assault