
जांच के लिये निकली पुलिस (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
Agra: आगरा के रकाबगंज थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब गर्ल्स कॉलेज के बाहर खड़ी एक छात्रा को सफेद रंग की कार में बैठाकर तेज रफ्तार से ले जाया गया। घटना को देखकर वहां मौजूद छात्राओं ने अपहरण का शोर मचा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और पूरे सर्किल की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। हालांकि बाद में जांच में मामला अपहरण का नहीं बल्कि जन्मदिन के सरप्राइज का निकला।
जानकारी के अनुसार बिजलीघर स्थित एक कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा दोपहर करीब एक बजे छुट्टी के बाद घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की कार कॉलेज गेट के सामने आकर रुकी। कार में दो युवक और एक महिला मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक छात्रा को अपने साथ कार में बैठाकर तेजी से वहां से निकल गए।
Agra-Lucknow Expressway : दिल्ली से आजमगढ़ जा रही बस ट्रेलर से टकराई, 23 लोग घायल
घटना इतनी अचानक हुई कि वहां मौजूद अन्य छात्राओं को लगा कि छात्रा का जबरन अपहरण कर लिया गया है। छात्राओं ने शोर मचा दिया। कॉलेज के गार्ड ने तुरंत कार का नंबर नोट किया और प्राचार्य को जानकारी दी। मामला गंभीर समझते हुए प्राचार्य ने यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे दी।
दिनदहाड़े कॉलेज गेट से छात्रा को ले जाने की खबर मिलते ही थाना रकाबगंज पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधिकारियों ने पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया और कार नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।
जांच के दौरान पता चला कि कार शाहगंज निवासी हरविंदर की थी। पूछताछ में हरविंदर ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त सुमित छात्रा का करीबी मित्र है। सोमवार को छात्रा का जन्मदिन था। इसी वजह से सुमित अपनी भाभी और दोस्त के साथ छात्रा को सरप्राइज देने कॉलेज पहुंचा था। छात्रा अपनी मर्जी से उनके साथ गई थी। जन्मदिन मनाने के बाद उसे वापस कॉलेज के पास छोड़ दिया गया था।
Instagram वाले दोस्त से हुई लड़ाई तो लगा दी नहर में छलांग, लखनऊ की युवती के साथ आखिर ये क्या हुआ?
इधर अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस छात्रा के घर भी पहुंच गई। घर पर पुलिस आने से मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। जब छात्रा घर लौटी तो उसने खुद पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त के साथ जन्मदिन मनाने गई थी। पुलिस के घर पहुंचने और मोहल्ले में चर्चा फैलने से छात्रा भावुक होकर रोने लगी। बाद में पुलिस ने उसे समझाकर शांत कराया।
एडीसीपी क्राइम हिमांशु गौरव ने बताया कि पुलिस को छात्रा के अपहरण की सूचना मिली थी, लेकिन जांच में मामला पूरी तरह गलतफहमी का निकला। दोनों पक्षों से पूछताछ की गई है। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
Location : Agra
Published : 19 May 2026, 9:49 AM IST