ऐसी क्या आफत आ गई? जो मां ने अपने 2 मासूम बच्चों के साथ कुंए में कूदकर दे दी जान, पति बोला- क्या सब मेरी ही गलती?

महोबा में घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। हादसे में महिला और दोनों बच्चों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 10 August 2026, 8:30 PM IST

Mahoba News: महोबा में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की मदद से तीनों को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। गंभीर हालत में दोनों बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। एक साथ मां और दो बच्चों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद घर से निकली महिला

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के प्रकाश बम्हौरी गांव निवासी सुरेश कुशवाहा अपनी पत्नी भागवती (21) और दो बच्चों डेढ़ वर्षीय बेटे पुष्पेंद्र कुशवाहा और तीन वर्षीय बेटी संध्या के साथ खेत में बने मकान में रहते थे। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद भागवती अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर घर से बाहर निकल गई। कुछ देर बाद वह खेत में बने एक कुएं के पास पहुंची और दोनों बच्चों के साथ उसमें छलांग लगा दी।

किसानों ने देखा हादसा, पुलिस को दी सूचना

घटना के समय आसपास के खेतों में कुछ किसान काम कर रहे थे। उन्होंने महिला को बच्चों के साथ कुएं में गिरते देखा तो तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तीनों को कुएं से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक भागवती की मौत हो चुकी थी। वहीं दोनों बच्चों की हालत बेहद गंभीर थी, जिसके बाद परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल महोबा पहुंचे।

डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को भी मृत घोषित किया

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों मासूम बच्चों को भी मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, परिजन इस पूरे मामले पर कुछ भी बोलने से बचते रहे।परिजनों ने पुलिस को बताया कि बच्चे खेलते समय कुएं में गिर गए थे। इसके बाद उन्होंने बिना पोस्टमार्टम कराए शवों को अपने साथ ले जाने की बात कही।

पुलिस कर रही मामले की जांच

एक साथ तीन लोगों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रकाश बम्हौरी थाना अध्यक्ष श्याम बैन ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि घटना की वास्तविक वजह जानने के लिए परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mahoba

Published :  10 August 2026, 8:30 PM IST