
मतदाता सूची को लेकर प्रशासन अलर्ट (IMG: Dynamite News)
Deoria: देवरिया में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसका मकसद मतदाता सूची को अधिक से अधिक सही और अपडेट रखना है। अक्सर देखने को मिलता है कि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं होता, तो कहीं नाम या पते में गलती रह जाती है। कई बार ऐसे नाम भी सूची में बने रहते हैं, जिन्हें हटाया जाना जरूरी होता है।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता अपने नाम से जुड़ी जानकारी की जांच कर सकते हैं। इस दौरान नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन कराने के लिए निर्धारित फॉर्म भरने होंगे। प्रशासन की कोशिश है कि अंतिम मतदाता सूची जारी होने से पहले सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण कर लिया जाए।
अभियान के दौरान मतदाताओं की सुविधा के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की व्यवस्था की गई है। अगर किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज किसी अपात्र या गलत प्रविष्टि के संबंध में नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जाएगा।
मतदाताओं को आवेदन करने में परेशानी न हो, इसके लिए विशेष अभियान दिवस भी तय किए गए हैं। 21 और 22 नवंबर के साथ ही 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन तारीखों पर बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। मतदाता बूथ पर पहुंचकर अपने नाम और अन्य जानकारियों की जांच कर सकेंगे। जरूरत पड़ने पर बीएलओ की मदद से फॉर्म-6, 7 और 8 भी भरवा सकेंगे।
प्रशासन की ओर से 18 नवंबर को सभी बूथों पर मतदाता सूची का वाचन कराया जाएगा। इस दौरान बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे और मतदाता सूची को पढ़कर सुनाएंगे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और बूथ लेवल एजेंट यानी बीएलए भी इस प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी राजनीतिक दलों को विधानसभा वार मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। इसके साथ ही निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और बीएलओ के माध्यम से प्रत्येक बूथ पर भी मतदाता सूची प्रकाशित कराई गई है।
मतदाता सूची को लेकर प्रशासन अलर्ट (IMG: Dynamite News)
मतदाता जागरूकता और प्रशिक्षण को लेकर भी प्रशासन ने तैयारी की है। इसके तहत स्ट्रांग रूम से ईवीएम निकालकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में उनका प्रदर्शन किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को मतदान प्रक्रिया और ईवीएम के इस्तेमाल के बारे में जानकारी देना है। इस दौरान इस्तेमाल की जाने वाली ईवीएम पर पीले रंग का स्टीकर लगाया जाएगा।
देवरिया के गनियारी गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट, रामाश्रय यादव समेत कई घायल; पुलिस जांच में जुटी
मतदाताओं की समस्याओं और सवालों के समाधान के लिए जिला स्तर पर डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर भी स्थापित किया गया है। देवरिया के निवासी हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल करके मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं। इस नंबर के माध्यम से फॉर्म-6, 7 और 8 के बारे में जानकारी लेने के साथ ही ईपीआईसी यानी मतदाता पहचान पत्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी प्राप्त किया जा सकता है। प्रशासन की ओर से फॉर्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी के माध्यम से नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित दैनिक जानकारी भी डीईओ पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद 28 दिसंबर तक इनका निस्तारण किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 4 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच जरूर करें।
Location : Deoria
Published : 17 November 2026, 12:45 PM IST