रामपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित 6 स्पा सेंटरों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस और नगर प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर सभी सेंटरों को बंद करा दिया।

स्पा सेंटर
Rampur: थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से चल रहे स्पा सेंटरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। शहर के पॉश माने जाने वाले इलाके में लंबे समय से चल रहे इन स्पा सेंटरों पर आखिरकार प्रशासन का शिकंजा कस गया। सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में हुई इस बड़ी कार्रवाई में कुल 6 स्पा सेंटरों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि संचालकों में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।
जांच के दौरान जो बातें सामने आईं। उन्होंने प्रशासन को भी सख्त रुख अपनाने पर मजबूर कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, जिन 6 स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की गई, वे सभी बिना जरूरी अनुमति और तय नियमों के संचालित हो रहे थे। सबसे बड़ी बात यह रही कि किसी भी सेंटर के पास नगर पालिका की एनओसी नहीं थी और न ही दमकल विभाग से कोई वैध अनुमति ली गई थी। इसके बावजूद ये स्पा सेंटर खुलेआम संचालित किए जा रहे थे।
छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने मौके पर मौजूद दस्तावेजों और संचालन से जुड़े कागजातों की गहन जांच की। जांच में कई गंभीर खामियां सामने आईं। बताया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों से लेकर संचालन संबंधी कई जरूरी शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा था। ऐसे में अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तुरंत कार्रवाई का फैसला लिया।
प्रशासन ने मौके पर ही सभी 6 स्पा सेंटरों को बंद करने के निर्देश जारी कर दिए। साथ ही संबंधित संचालकों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि शहर में बिना अनुमति, बिना सुरक्षा मानकों और बिना वैध कागजात के कोई भी संस्थान नहीं चलने दिया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद स्पा सेंटर संचालकों में खौफ का माहौल है। प्रशासन के अफसर ने बताया कि आने वाले दिनों में भी ऐसे संस्थानों के खिलाफ इसी तरह का अभियान जारी रहेगा।