गोरखूपुर में मरीजों कोफुसलाकर प्राइवेट अस्पताल भेजने वाला गिरोह बेनकाब, 6 गिरफ्तार

गोरखूपुर में मरीजों को बहला-फुसलाकर प्राइवेट अस्पताल भेजने वाला गिरोह बेनकाब, 6 गिरफ्तार,पढिए पूरी खबर

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 16 April 2026, 5:31 PM IST

गोरखपुर। जनपद के थाना गुलरिहा पुलिस ने मरीजों को गुमराह कर निजी अस्पतालों में भर्ती कराने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष गुलरिहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में वेदप्रकाश, राहुल, गुंजेश यादव, अमन पाण्डेय, अंकित शुक्ला और राहुल शर्मा शामिल हैं। सभी आरोपी अलग-अलग जनपदों के निवासी हैं और एक संगठित तरीके से काम कर रहे थे। यह गिरोह एम्बुलेंस की मदद से मरीजों और उनके परिजनों को बहला-फुसलाकर सरकारी या उचित अस्पतालों के बजाय निजी अस्पतालों में भर्ती कराता था, जहां उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना गुलरिहा में मुकदमा संख्या 312/2026 धारा 318(2), 318(4), 61(2) व 308(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को गिरोह की सक्रियता और उसके नेटवर्क की जानकारी मिली। इसके बाद उपनिरीक्षक मदन मोहन मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह खासतौर पर ऐसे मरीजों को निशाना बनाता था, जो गंभीर स्थिति में होते थे या जिनके परिजन घबराए हुए होते थे। आरोपी मौके का फायदा उठाकर उन्हें झांसे में लेते और अपने संपर्क वाले अस्पतालों में भर्ती कराकर कमीशन हासिल करते थे।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक मदन मोहन मिश्रा,

उपनिरीक्षक विकास कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक राहुल कुमार, हेड कांस्टेबल सदानंद यादव, कांस्टेबल रामप्रसाद पुरी, संदीप यादव, जयराम गुप्ता और अमर सिंह चौहान शामिल रहे।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अवैध नेटवर्क पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि मरीजों के साथ किसी भी प्रकार की ठगी या धोखाधड़ी को रोका जा सके

Location :  गोरखपुर

Published :  16 April 2026, 5:31 PM IST