
सूटकेस में छिपाया शव (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Varanasi : पत्नी की हत्या कर शव को सूटकेस में छिपाकर फरार हुए आरोपी पति को आखिरकार यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद आरोपी पति अपनी पहचान छिपाकर वाराणसी में रह रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया कि वह यहां मजदूरी कर अपना ठिकाना बनाए हुए था। यूपी एसटीएफ और सिलवासा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को मंडुवाडीह क्षेत्र से दबोच लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ऋषभ कुमार सिंह बिहार के नवादा जिले का रहने वाला है। वह सिलवासा में एक निजी कंपनी में काम करता था और अपनी पत्नी के साथ किराये के मकान में रहता था। पत्नी की हत्या के बाद वह वहां से फरार हो गया और वाराणसी पहुंचकर नाम और पहचान छिपाकर रहने लगा।
सिलवासा पुलिस को उसके वाराणसी और आसपास के इलाकों में छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद सिलवासा पुलिस ने यूपी एसटीएफ की वाराणसी फील्ड इकाई से संपर्क किया। संयुक्त टीम ने सोमवार को मंडुवाडीह के चांदपुर स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, ऋषभ ने अपने गांव की रहने वाली छोटी उपाध्याय से प्रेम विवाह किया था। दोनों परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। छोटी के परिवार वालों ने नवादा में ऋषभ के खिलाफ अपहरण का मुकदमा भी दर्ज कराया था।
आपका बैंक अकाउंट भी बन सकता है ठगी का हथियार! वाराणसी में बड़ा साइबर नेटवर्क बेनकाब
शादी के बाद दोनों सिलवासा में रहने लगे थे। पारिवारिक तनाव और घरेलू विवाद लगातार बढ़ते गए। बताया जा रहा है कि छोटी अपने पति पर उसे ससुराल ले जाने का दबाव बनाती थी, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी।
मामले में सिलवासा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पत्नी की हत्या करने के बाद शव को सूटकेस में छिपा दिया और वहां से फरार हो गया। हत्या के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। वाराणसी पहुंचने के बाद उसने अपनी पहचान छिपाकर मजदूरी शुरू कर दी थी, लेकिन पुलिस की जांच के चलते आखिरकार वह पकड़ा गया।
गिरफ्तारी के बाद सिलवासा पुलिस ने आरोपी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। पुलिस ट्रांजिट रिमांड लेने की प्रक्रिया में जुटी है। इसके बाद आरोपी को सिलवासा ले जाकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Varanasi
Published : 11 August 2026, 5:27 AM IST