गोरखपुर पुलिस के हत्थे चढ़े दो गैंगस्टर, इनके कारनामे जानकर रह जाएंगे हैरान

गोरखपुर पुलिस ने संगठित अपराध और आर्थिक धोखाधड़ी के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि दोनों ने गैंग बनाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी, गबन और पीड़ितों को जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर अपराधों को अंजाम दिया था।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 3 July 2026, 11:33 PM IST

Gorakhpur: संगठित अपराध और आर्थिक धोखाधड़ी पर शिकंजा कसते हुए गोरखपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। थाना एम्स पुलिस ने गैंग बनाकर धोखाधड़ी, पैसों का गबन और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर मामलों में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार अवस्थी के नेतृत्व में थाना एम्स पुलिस ने कार्रवाई की।

उपनिरीक्षक गौरव तिवारी और उनकी टीम ने थाना एम्स पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 178/2026, धारा 2(ख)(i)(xi)/3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 के तहत वांछित अभियुक्त छोटेलाल सिंह तथा नरेन्द्र सिंह उर्फ मुलायम सिंह को गिरफ्तार किया।

दोनों आरोपी ग्राम जगदीशपुर, थाना एम्स क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने एक संगठित गिरोह बनाकर अनुचित आर्थिक और भौतिक लाभ कमाने के उद्देश्य से लोगों के साथ धोखाधड़ी की, उनकी रकम का गबन किया तथा विरोध करने वालों को जान से मारने की धमकी देकर भय का माहौल बनाया। इन्हीं गतिविधियों के आधार पर दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

अभियुक्तों का आपराधिक रिकार्ड

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में थाना खोराबार में धोखाधड़ी (धारा 420) का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद वर्ष 2023 में थाना एम्स में अमानत में खयानत, धोखाधड़ी और धमकी देने (धारा 406, 420, 506) का मुकदमा दर्ज किया गया। लगातार सामने आए मामलों को देखते हुए वर्ष 2026 में दोनों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा पंजीकृत किया गया।

गोरखपुर में घर से कुछ कदम दूर हुआ ऐसा क्या, जो रहस्यमय ढंग से गायब हो गया मासूम?

इस गिरफ्तारी को आर्थिक अपराधों और संगठित गिरोहों के विरुद्ध पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी ताकि आम लोगों की मेहनत की कमाई की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

गोरखपुर हादसा : टिल्लू पंप ऑन करते ही क्या हुआ ऐसा, जिससे एक पल में उजड़ गया परिवार?

कार्रवाई टीम

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार अवस्थी, चौकी प्रभारी जगदीशपुर उपनिरीक्षक गौरव तिवारी, उपनिरीक्षक राजकुमार तथा मुख्य आरक्षी संजय सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  3 July 2026, 11:32 PM IST