हादसा या हत्या? उर्स से लौट रहे मौलाना की मौत पर पुलिस-परिजनों के दावे आमने-सामने

बरेली के पालपुर रेलवे फाटक के पास ट्रैक किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान बिहार के किशनगंज जिले के पठावारी निवासी मौलाना तौसीफ रजा के रूप में हुई। लेकिन यह हादसा या हत्या है, इसको लेकर विवाद शुरु हो गया हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 May 2026, 3:29 PM IST

Bareilly: बरेली उर्से ताजुश्शरिया में शामिल होकर बिहार लौट रहे जायरीन मौलाना तौसीफ रजा की ट्रेन से गिरकर हुई मौत अब बड़ा विवाद बनती जा रही है। शुरुआत में पुलिस ने इसे हादसा बताया, लेकिन अब परिजनों के गंभीर आरोपों और सियासी हस्तक्षेप के बाद मामला तूल पकड़ चुका है। परिवार का दावा है कि मौलाना के साथ ट्रेन में मारपीट हुई और उन्हें फेंका गया, जबकि पुलिस अभी भी जांच की बात कह रही है।

घटना 27 अप्रैल की है। बरेली के पालपुर रेलवे फाटक के पास ट्रैक किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान बिहार के किशनगंज जिले के पठावारी निवासी मौलाना तौसीफ रजा के रूप में हुई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि सफर के दौरान झपकी लगने से वह ट्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। उस समय परिजनों ने भी इसे हादसा ही माना था।

Bareilly News:राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के तूफानी दौरे से अफसरों की क्यों बढ़ी धड़कनें

पत्नी का दावा- फोन पर बोले थे डरा हुआ हूं

मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया, जब मृतक की पत्नी तबस्सुम खातून ने चौंकाने वाला आरोप लगाया। उनका कहना है कि 26 अप्रैल की रात तौसीफ से उनकी आखिरी बार बात हुई थी। फोन पर उन्होंने बताया था कि ट्रेन में कुछ लोग उनके साथ मारपीट कर रहे हैं और वह काफी डरे हुए हैं। इसी आधार पर परिवार अब हत्या की आशंका जता रहा है और आरोप लगा रहा है कि मारपीट के बाद उन्हें ट्रेन से फेंका गया।

ओवैसी समेत कई नेताओं ने उठाए सवाल

मामला सामने आने के बाद राजनीति भी गरमा गई है। एआईएमआईएम के नेताओं ने इसे गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। बिहार एआईएमआईएम के अध्यक्ष अख्तरुल ईमान के बाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए। सियासी दबाव बढ़ने के बाद अब पुलिस भी मामले को गंभीरता से लेने की बात कर रही है।

Bareilly Police पर दाग! शादी का झांसा, रिश्वत और अश्लील कॉल फिर आरोपी को छोड़ा? मचा बवाल

एसपी सिटी बोले- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था और उस समय तक परिवार इसे हादसा ही मान रहा था। हालांकि अब परिजनों ने मारपीट की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि परिवार से बातचीत की गई है और तहरीर मिलने पर मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि 24 और 25 अप्रैल को बरेली में उर्से ताजुश्शरिया आयोजित हुआ था। मौलाना तौसीफ रजा इसमें शामिल होने किशनगंज से बरेली आए थे और 26 अप्रैल को घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

Location :  Bareilly

Published :  1 May 2026, 3:29 PM IST