गोरखपुर में कुछ घंटे में गायब हो गई बाइक, जांच शुरू हुई तो सामने आया चोरी का बड़ा खेल

गोरखपुर के बड़हलगंज थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। बताया जा रहा है कि युवक दंगल देखने गया था, इसी दौरान उसकी बाइक चोरी हो गई थी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 26 August 2026, 5:25 PM IST

Gorakhpur : बड़हलगंज थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए पुलिस उन्हें न्यायालय भेजने की तैयारी कर रही है।

अभियान के तहत पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, अपराधों पर अंकुश लगाने और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बड़हलगंज के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

इसी क्रम में उपनिरीक्षक रविभूषण राय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 379/2026 से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गोरखपुर में दुष्कर्म के आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, फरारी के बाद ऐसे पहुंचा सलाखों के पीछे

चोरी की बाइक बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तौफिक उर्फ कोलाधर पुत्र हजरत और गुलशन पुत्र समतुल, निवासी ग्राम समय स्थान पडौली, थाना बड़हलगंज, गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।

बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।

दंगल देखने गया था युवक

पुलिस के अनुसार, घटना 17 अगस्त की रात करीब दो बजे की है। वादिनी का नाती मोटरसाइकिल खड़ी कर दंगल देखने गया था। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा तो बाइक मौके से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जांच, पूछताछ और सुरागरसी के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई और चोरी की बाइक बरामद कर ली।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी तौफिक उर्फ कोलाधर के खिलाफ वर्ष 2023 में भी बड़हलगंज थाने में मुकदमा दर्ज है। वहीं गुलशन के खिलाफ इसी चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रविभूषण राय, कांस्टेबल विवेक गौड़ और कांस्टेबल आशीष यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 August 2026, 5:24 PM IST