गोरखपुर के कुसम्ही जंगल इलाके में मंदिर से लौट रही महिला से दिनदहाड़े मंगलसूत्र लूट की वारदात सामने आई है। पुलिस चप्पल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पीड़ित महिला
Gorakhpur: गोरखपुर में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने इलाके में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है। मामला कुसम्ही जंगल इलाके का है, जहां मंदिर से दर्शन कर लौट रही महिला के गले से बदमाशों ने मंगलसूत्र छीन लिया और बाइक से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़िता और उनके साथ मौजूद महिला कुछ समझ ही नहीं पाई।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
जानकारी के मुताबिक, पूनम चौरसिया पत्नी राघवेन्द्र चौरसिया निवासी बड़की बभनी थाना कोतवाली देवरिया अपनी जेठानी ममता के साथ बुढ़िया माई मंदिर में दर्शन करने आई थी। दर्शन के बाद दोनों महिलाएं वापस घर लौट रही थी। जैसे ही वे कुसम्ही जंगल के सुनसान रास्ते से गुजर रही थी, पहले से घात लगाए एक युवक अचानक उनके पास पहुंच गया। थोड़ी दूरी पर उसका साथी बाइक स्टार्ट कर खड़ा था।
अचानक झपट्टा मारा और...
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पैदल खड़े युवक ने अचानक झपट्टा मारा और पूनम के गले से मंगलसूत्र खींच लिया। छीना-झपटी इतनी अचानक हुई कि महिलाएं संभल भी नहीं पाई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागकर बाइक पर बैठा और दोनों तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।
मौके पर छूटा चप्पल, जांच में जुटी पुलिस
घटना के दौरान एक आरोपी का एक पैर का चप्पल मौके पर ही छूट गया। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घबराई पीड़िता ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी। जंगल के रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।