
जली हुई फसल (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज में खेतों में पराली जलाने की एक चिंगारी दो किसानों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई। जिस धान की फसल को तैयार करने में किसानों ने महीनों पसीना बहाया था, वह देखते ही देखते आग की लपटों में समा गई। नन्दाभार गांव के सिवान से उठी आग ने सोनवल ग्राम पंचायत तक तबाही मचा दी। इस अग्निकांड में दो किसानों की करीब चार एकड़ धान की खड़ी फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई।
पूरा मामला महराजगंज के सिंदुरिया थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, नन्दाभार गांव के सिवान में पराली जलाने के दौरान आग लग गई। शुरुआत में खेत में लगी आग को शायद किसी ने गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन तेज लपटों ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया। आग फैलते हुए सोनवल ग्राम पंचायत के खेतों तक पहुंच गई। जब तक किसानों और ग्रामीणों को आग की गंभीरता का अंदाजा हुआ, तब तक लपटें कई खेतों को अपनी चपेट में ले चुकी थीं।
इस अग्निकांड में सोनवल ग्राम पंचायत निवासी किसान मंत्री गुप्ता की करीब दो एकड़ और किसान अनिरुद्ध दुबे की भी करीब दो एकड़ धान की फसल जल गई। इस तरह दोनों किसानों की कुल चार एकड़ तैयार फसल आग की भेंट चढ़ गई। धान की फसल तैयार होने के बाद किसानों को उम्मीद थी कि इस बार अच्छी पैदावार से परिवार की आर्थिक स्थिति को सहारा मिलेगा।
इस घटना से जुड़ी सबसे दुखद खबर किसान मंत्री गुप्ता की मौत की है। परिजनों के मुताबिक, अपनी तैयार धान की फसल को जलते देखकर मंत्री गुप्ता गहरे सदमे में चले गए थे। फसल बर्बाद होने के बाद से वह काफी परेशान चल रहे थे। बताया गया कि रात में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
खेतों में आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन तब तक लपटें चार एकड़ धान की फसल को अपनी चपेट में ले चुकी थीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। हालांकि, तब तक दोनों किसानों की तैयार फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर सिंदुरिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, राजस्व विभाग की ओर से लेखपाल सतीश यादव ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। लेखपाल ने जली हुई फसल और प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर नुकसान से जुड़ी जानकारी जुटाई। राजस्व विभाग की यह कार्रवाई प्रभावित किसानों को संभावित सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
Location : Maharajganj
Published : 17 November 2026, 2:54 PM IST
Topics : Crop Fire Farmers News Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Parali Burning Uttar Pradesh News