हिंदी
सीताराम विवाह उत्सव
Gorakhpur: गोरखपुर में अगहन शुक्ल पक्ष पंचमी के पावन अवसर पर श्री राधा रानी सेवा संस्थान, हिंदी बाजार गोरखपुर के तत्वाधान में आयोजित श्री सीताराम विवाह उत्सव ने पूरे क्षेत्र में आस्था और उल्लास का अद्भुत वातावरण बना दिया। दिव्य श्री राम बारात शोभायात्रा और आकर्षक झांकियों ने हजारों भक्तों को आध्यात्मिक भाव से विभोर कर दिया।
इस वर्ष वर पक्ष का सौभाग्य अजय कुमार वर्मा को प्राप्त हुआ। शोभायात्रा में भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, भगवान शंकर और भक्त हनुमान के जीवन्त स्वरूपों ने लोगों को सम्मोहित कर दिया। भव्य रथों से सजी झांकियों ने नगर की गलियों में दिव्य उत्सव का दृश्य प्रस्तुत किया। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम पर पुष्पवर्षा कर आरती उतारी और भक्ति गीतों के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा घंटाघर से प्रारंभ होकर मदरसा चौराहा, सराय, बसंतपुर स्थित श्री राम जानकी मंदिर होकर हाल्सीगंज तक निकाली गई। मार्ग में दर्जनों स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने स्टॉल लगाकर बारात का गर्मजोशी से स्वागत किया। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग सभी इस दिव्य उत्सव के साक्षी बने।
वधूपक्ष से प्रदीप कुमार वर्मा सपरिवार शोभायात्रा के स्वागत में आगे रहे। उन्होंने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और सभी देव स्वरूपों की आरती उतारकर उन्हें कथा स्थल तक लेकर पहुंचे, जहाँ आगे का मुख्य कार्यक्रम आरंभ हुआ।
चौधरी गली, जायसवाल कटरा स्थित कथा प्रांगण में परम पूज्य कथा व्यास श्री मृदुलानंद शास्त्री जी ने श्रीराम–सीता विवाह की दिव्य कथा का वाचन किया। भगवान श्रीराम द्वारा धनुष भंग कर राजा जनक की चिंता दूर करने का प्रसंग सुनते ही पूरे प्रांगण में जयघोष गूंज उठा। इसके बाद माता सीता द्वारा भगवान श्रीराम को वरमाला पहनाने का दृश्य भक्तों को भावविभोर कर गया।
कार्यक्रम के समापन पर भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक उल्लास का अनुभव किया।
आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष त्रिभुवन कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष कन्हैया कुमार वर्मा, प्रबंधक धीरज कुमार वर्मा सहित संतोष कुमार वर्मा, प्रमोद कुमार वर्मा, धीरज कुमार सोनी, कामेश्वर वर्मा, शंकर जी वर्मा, विशाल वर्मा, प्रदीप कुमार वर्मा, अजय कुमार वर्मा, तारकेश्वर वर्मा, दीपक कुमार वर्मा, दीप नारायण वर्मा, अनिल चौहान, नीरज कुमार वर्मा, अमित कुमार वर्मा, गुड्डू वर्मा, पवन वर्मा, रोहित वर्मा, गोविंद वर्मा, बिंदु, सरस्वती और सलोनी वर्मा का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
Location : Gorakhpur
Published : 26 November 2025, 2:01 AM IST
Topics : flowers Gorakhpur marriage procession Sitaram Vivah