नैनीताल से लौट रहे परिवार की कार बनी आग का गोला, कॉन्स्टेबल और 2 साल के बच्चे की जिंदा जलकर मौत

नैनीताल से लौटते समय डंपर की टक्कर से कार में आग लग गई, जिसमें महिला सिपाही लता सिंह और उनके दो साल के बेटे की मौत हो गई। डंपर चालक फरार है, पुलिस जांच में जुटी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 26 February 2026, 4:01 AM IST

Rampur: नैनीताल से घूमकर लौट रहा एक खुशहाल परिवार कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। तेज रफ्तार डंपर ने कार को साइड से टक्कर मारी और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। इस दर्दनाक हादसे में महिला सिपाही लता सिंह और उनके दो साल के मासूम बेटे की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य झुलस गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के मुताबिक, मिलक के बेहटरा गांव निवासी दान सिंह अपनी पत्नी लता सिंह, दो साल के बेटे लड्डू और बरेली के जमालपुर निवासी चाचा रवि ठाकुर के साथ नैनीताल घूमने गए थे। लता सिंह कौशांबी जिले में महिला सिपाही के पद पर तैनात थी और छुट्टी पर गांव आई हुई थीं। बुधवार रात परिवार स्विफ्ट कार से वापस लौट रहा था। बताया जा रहा है कि काशीपुर गांव के पास सामने से आ रहे डंपर ने कार को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार में अचानक आग लग गई। आग की लपटों में घिरने के बाद कार सवार तीन लोग किसी तरह बाहर कूद गए, लेकिन दो साल का मासूम कार में ही फंस गया। मां लता सिंह उसे बचाने की कोशिश में खुद भी आग की चपेट में आ गई।

मौके पर मचा हड़कंप

आसपास के ग्रामीण आग की लपटें देख दौड़ पड़े। पेट्रोल पंप से अग्निशमन यंत्र लाकर आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह और गंज थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसी लता सिंह और रवि ठाकुर को निजी अस्पताल भेजा। लता की हालत नाजुक होने पर उन्हें बरेली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मासूम बच्चे का शव कार से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

डंपर चालक फरार, जांच शुरू

हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर और चालक की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कार में पेट्रोल खत्म होने के बाद वह सीएनजी पर चल रही थी। टक्कर के बाद पेट्रोल टैंक में आग लग गई। परिजनों के मुताबिक दान सिंह ने दो सप्ताह पहले ही नई कार खरीदी थी। इससे पहले भी चार साल पहले एक सड़क हादसे में उनकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। इस दोहरे सदमे से परिवार और गांव में शोक की लहर है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Location : 
  • Rampur

Published : 
  • 26 February 2026, 4:01 AM IST