एक कुत्ते की एंट्री से टूट गई शादी: प्रेम विवाह का मंडप बना विवाद का मैदान, 7 फेरे के बाद वापस लौटी बारात, जानें पूरा मामला?

फतेहपुर के खागा में एक शादी समारोह पालतू कुत्ते को लेकर हुए विवाद के कारण हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच कुर्सियां चलीं, जिसमें आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद दूल्हे पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया और मामला थाने पहुंच गया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 February 2026, 5:44 PM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के खागा कस्बे में गुरुवार (19 फरवरी) को एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब बारात के दौरान पालतू कुत्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दूल्हे पक्ष ने शादी से ही इंकार कर दिया। मारपीट में महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रस्में हो चुकी थीं पूरी

जानकारी के अनुसार, लड़की पक्ष प्रयागराज से खागा पहुंचा था। गेस्ट हाउस में शादी की तैयारियां पूरी थीं और अधिकांश रस्में भी संपन्न हो चुकी थीं। दोनों परिवार पहले से इस विवाह के लिए सहमत थे। बताया जा रहा है कि युवक और युवती के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध था और दोनों ने पहले मंदिर में विवाह करने के बाद कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। परिवारों की सहमति से सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ पुनः विवाह समारोह आयोजित किया गया था।

कुत्ते को खुले में छोड़ने पर शुरू हुआ विवाद

विवाद की जड़ बना लड़की पक्ष का पालतू कुत्ता। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लड़की पक्ष कुत्ते को अपने साथ समारोह में लेकर आया और उसे खुले में छोड़ दिया। आरोप है कि कुत्ते ने बारातियों पर भौंकना शुरू कर दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। दूल्हे पक्ष के लोगों ने कुत्ते को बांधने की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

भौंकने और काटने के आरोप से बढ़ा तनाव

लड़के पक्ष का कहना है कि कुत्ते ने कुछ बारातियों को काटने की कोशिश की, जिसके बाद उन्होंने उसे डंडा दिखाकर बाहर भगाया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ती चली गई। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और गेस्ट हाउस में कुर्सियां चलने लगीं। शादी का मंडप कुछ ही पलों में मारपीट के मैदान में तब्दील हो गया।

महिलाएं भी आईं चपेट में

हंगामे के दौरान महिलाएं भी झगड़े की चपेट में आ गईं। कुल आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें दोनों पक्षों के सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी की हालत खतरे से बाहर है।

थाने पहुंचा मामला

घटना के बाद दोनों पक्ष खागा कोतवाली पहुंच गए। वहां दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। दूल्हे पक्ष ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। उनका कहना है कि जिस तरह से समारोह में विवाद और मारपीट हुई, उसके बाद रिश्ता निभाना संभव नहीं है।

पुलिस ने शुरू की जांच

खागा कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं लड़की पक्ष के लोगों ने कैमरे के सामने बयान देने से इनकार कर दिया है।

छोटी बात से बड़ा बवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते दोनों पक्ष संयम बरतते, तो मामला इतना न बढ़ता। शादी जैसे पवित्र समारोह में छोटी सी बात ने बड़ा रूप ले लिया और खुशी का माहौल तनाव में बदल गया।

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 20 February 2026, 5:44 PM IST