सोनभद्र : तालाब बना 7 साल के बच्चे की मौत की वजह, आखिर ऐसा क्या हुआ

सोनभद्र के दुद्धी क्षेत्र में एक सात वर्षीय बच्चे की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। बच्चा बिना बताए नहाने गया था, जहां गहरे पानी में जाने से यह हादसा हुआ। चाचा ने शव बाहर निकाला, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 25 May 2026, 12:43 AM IST

Sonbhadra : जिले के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में एक ऐसा दर्दनाक हादसा सामने आया है जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। यहां अमवार चौकी क्षेत्र के बघाडू गांव स्थित बोलताकरम टोला में रविवार को सात साल मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। जो बच्चा कुछ देर पहले तक घर के आंगन में खेल रहा था। वह पल भर में हमेशा के लिए खामोश हो गया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बिना बताए घर से निकला था मासूम

जानकारी के अनुसार बोलताकरम टोला निवासी रंकलाल का सात साल बेटा नितेश रविवार दोपहर घरवालों को बिना बताए करीब 100 मीटर दूर स्थित तालाब पर नहाने चला गया था। खेल-खेल में वह पानी में उतर गया लेकिन अचानक गहराई में जाने के कारण डूबने लगा। आसपास किसी के मौजूद न होने से वह मदद के लिए आवाज भी नहीं लगा सका और कुछ ही देर में पानी में समा गया।

चाचा ने तालाब से निकाला शव

काफी देर तक जब बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान चाचा घर पहुंचे और बच्चे के बारे में पूछा, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। आशंका होने पर वह तालाब की ओर पहुंचे। वहां उन्हें पानी में कुछ तैरता दिखाई दिया। बिना देर किए वह खुद तालाब में कूद गए और काफी प्रयास के बाद बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की पहचान नितेश के रूप में होते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

सोनभद्र से दिल्ली रवाना हुआ जनजातीय समाज, धर्मांतरण मुद्दे पर सरकार तक पहुंचेगी आवाज

गांव में पसरा मातम

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मासूम की मौत की खबर सुनते ही मां बेसुध हो गई और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव की महिलाओं की आंखें भी नम हो गईं और पूरे टोले में सन्नाटा छा गया। बताया गया कि बच्चे के पिता और दादा रोजी-रोटी के लिए बाहर गए हुए थे, ऐसे में घर की जिम्मेदारी चाचा पर ही थी।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

सूचना मिलने पर अमवार चौकी प्रभारी जयशंकर राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस का कहना है कि बच्चा गहरे पानी में जाने के कारण डूबा है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Sonbhadra

Published :  25 May 2026, 12:43 AM IST