गोरखपुर में घर से कुछ कदम दूर हुआ ऐसा क्या, जो रहस्यमय ढंग से गायब हो गया मासूम?

गोरखपुर के सहजनवा नगर पंचायत के पिपरा वार्ड से पांच वर्षीय अंशुमान सिंह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। फुल्की खाने के लिए घर से निकला मासूम वापस नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 July 2026, 7:39 PM IST

Gorakhpur : सहजनवा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-9 पिपरा में गुरुवार शाम फुल्की खाने के लिए घर से निकले 5 साल मासूम अंशुमान सिंह का शव शुक्रवार शाम झाड़ियों के बीच स्थित एक खंडहर से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से आक्रोशित लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई, जिसके चलते कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस को सूचना दी

मृतक अंशुमान सिंह, पुत्र विपिन सिंह, गुरुवार शाम करीब पांच बजे दादी से पैसे लेकर फुल्की खाने निकला था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पूरी रात पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही और संदिग्धों से पूछताछ करती रही।

शुक्रवार शाम करीब पांच बजे एक सीसीटीवी फुटेज में मासूम को एक फुल्की विक्रेता के साथ जाते हुए देखा गया। इसके आधार पर पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की और झाड़ियों के बीच स्थित एक खंडहर में पहुंची। जहां बोरे से ढका मासूम का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ गीडा केएन आनंद, गीडा थाना प्रभारी अश्वनी पांडे, हरपुर बुदहट थाना प्रभारी प्रशांत पाठक सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गोरखपुर हादसा : टिल्लू पंप ऑन करते ही क्या हुआ ऐसा, जिससे एक पल में उजड़ गया परिवार?

हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू

पुलिस ने एक संदिग्ध फुल्की विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक मौत के कारण और अन्य पहलुओं पर कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं लेकिन पुलिस ने अभी किसी भी आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सीओ गीडा केएन आनंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर ली जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  3 July 2026, 7:39 PM IST