हिंदी
तीसरी मंजिल से छलांग (Img : Google)
Bareilly : जनपद स्थित प्रतिष्ठित श्रीराम मूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज एक गंभीर विवाद के केंद्र में आ गया है। यहां एमडी मेडिसिन प्रथम वर्ष के छात्र डॉ. आशु पाराशर ने सीनियर डॉक्टरों की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर कॉलेज की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। उसे आईसीयू में भर्ती कर लंबे समय तक इलाज दिया गया। जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
पीड़ित छात्र के पिता सुधीर पाराशर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आशु को कॉलेज जॉइन करने के बाद से ही लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि सीनियर छात्र और डॉक्टर ड्यूटी के दौरान गाली-गलौज करते थे, अपमानजनक टिप्पणियां करते थे, खाना खाने से रोकते थे और रविवार की छुट्टी के दिन भी जबरन काम पर बुलाया जाता था। यहां तक कि पैरों में गंभीर चोट होने के बावजूद उसे जूते बदलने की अनुमति नहीं दी गई और 40-40 घंटे तक बिना आराम के ड्यूटी कराई गई।
यूपी प्रशासन में बड़ा बदलाव: बरेली विकास प्राधिकरण में नई तैनाती, एक अफसर प्रतीक्षारत
परिजनों ने बताया कि पीड़ित छात्र ने इस पूरे मामले की शिकायत विभाग की एचओडी डॉ. स्मिता गुप्ता से भी की थी, लेकिन कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। लगातार अनदेखी और बढ़ते दबाव के कारण वह मानसिक रूप से टूट गया और 2 मई को सुबह करीब 11 बजे उसने कॉलेज की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
घटना के बाद छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां वह लंबे समय तक आईसीयू में रहा। स्वास्थ्य में सुधार होने पर होश आने के बाद उसने परिजनों को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और कार्रवाई शुरू हुई।
भोजीपुरा थाने में पीड़ित के पिता की तहरीर पर सीनियर डॉक्टर रितेश गोयल, डॉ. कुशाग्र शर्मा, डॉ. मानस खंडेलवाल, डॉ. लतिका,कुछ अन्य छात्रों और एसआरएमएस कॉलेज प्रशासन के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है। भोजीपुरा थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Bareilly
Published : 13 June 2026, 4:01 AM IST