नोएडा के 38 हजार परिवार करेंगे डीएम दफ्तर का घेराव, समाजवादी पार्टी ने चोटपुर कॉलोनी वालों का समझा दर्द

चोटपुर कॉलोनी में करीब एक सप्ताह से बिजली संकट को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है। समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर के नेताओं ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनी और प्रशासन से तत्काल बिजली बहाल करने की मांग की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 September 2026, 4:08 PM IST

Noida News: चोटपुर कॉलोनी में पिछले करीब एक सप्ताह से बिजली संकट ने हजारों परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हालात इतने खराब हैं कि बच्चों की पढ़ाई से लेकर महिलाओं, बुजुर्गों और रोजमर्रा के काम तक प्रभावित हो रहे हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता चोटपुर कॉलोनी पहुंचे और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी। पार्टी ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द बिजली बहाल नहीं हुई तो जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

एक सप्ताह से बिजली के लिए परेशान लोग

समाजवादी पार्टी नेताओं ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी परेशानियां जानी। लोगों का कहना है कि बिजली संकट के कारण गर्मी में जीवन मुश्किल हो गया है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बुजुर्गों और महिलाओं को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।

समाजवादी पार्टी ने सरकार पर साधा निशाना

सपा नेताओं के मुताबिक, चोटपुर क्षेत्र में उनके कार्यकाल के दौरान नियमानुसार करीब 9 हजार बिजली कनेक्शन दिए गए थे। इसके बावजूद आज हजारों परिवार बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान हैं। पार्टी नेताओं ने भाजपा सरकार पर जनसमस्याओं के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सरकार बड़े-बड़े दावे तो कर रही है। लेकिन जमीन पर आम जनता बिजली, सड़क और दूसरी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।

बिजली नहीं आई तो होगा आंदोलन

स्थानीय महिलाओं और नागरिकों ने चेतावनी दी कि अगर जन्माष्टमी के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। समाजवादी पार्टी ने भी कहा कि आंदोलन की स्थिति में पार्टी कार्यकर्ता स्थानीय लोगों के साथ खड़े रहेंगे। उनकी आवाज को प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाएंगे।

विधायक और सांसद पर भी उठाए सवाल

सपा नेताओं ने स्थानीय विधायक और सांसद पर भी क्षेत्र की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की समस्याओं को प्रशासन के सामने रखें और उनका समाधान कराएं। पार्टी ने प्रशासन से छोटपुर में तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने के साथ सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर भी ध्यान देने की मांग की है।

150 युवाओं ने ली समाजवादी पार्टी की सदस्यता

कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार की नीतियों और स्थानीय समस्याओं से नाराज करीब 150 युवाओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी गरीब, मजदूर, किसान, युवा, महिला और आम जनता की आवाज को लगातार उठाती रही है।

Location :  Noida

Published :  4 September 2026, 4:08 PM IST