हिंदी
जिले में समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एक भव्य आयोजन किया गया। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
महराजगंज में 337 जोड़ों ने रचाई शादी
महराजगंज: जिले में समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एक भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर के सामने स्थित धनेवा-धनेई मैदान में किया गया, जहां कुल 337 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों और धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह किया। इस मौके पर हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और नवदम्पतियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “यह केवल एक विवाह कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, परंपरा और सहयोग का उत्सव है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की एक ऐतिहासिक और संवेदनशील पहल है, जो न केवल आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को राहत देती है बल्कि समाज में समानता और समरसता को भी बढ़ावा देती है।”
उन्होंने आगे कहा कि विवाह केवल दो लोगों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और संस्कृतियों का मिलन होता है। सरकार द्वारा प्रत्येक जोड़े को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिसमें ₹35,000 की सामग्री और शेष राशि नकद के रूप में प्रदान की जाती है। यह सहयोग केवल आर्थिक नहीं बल्कि सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में जिन 337 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, उनमें
51 जोड़े अल्पसंख्यक वर्ग से,
122 जोड़े अन्य पिछड़ा वर्ग से,
07 जोड़े सामान्य वर्ग से,
तथा 157 जोड़े अनुसूचित जाति वर्ग से थे।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय, सदर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, एसडीएम रमेश कुमार, तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन यादव सहित सभी खंड विकास अधिकारी और अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पारंपरिक संगीत, भोजन व विवाह रस्मों का आयोजन पूरी गरिमा के साथ किया गया। सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार सामग्री भी प्रदान की गई। यह आयोजन न केवल सफल रहा, बल्कि जिले में सामाजिक समरसता, सौहार्द और सरकारी योजनाओं की ज़मीनी सफलता का प्रतीक भी बन गया है।