गोरखपुर में जमीन बैनामा के नाम पर 2.14 लाख की ठगी, केस दर्ज

गोरखपुर में जमीन बैनामा के नाम पर 2.14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी पर जालसाजी का केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 10 April 2026, 9:08 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के सहजनवां तहसील क्षेत्र में जमीन के बैनामा के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। गीडा थाना क्षेत्र के अड़िलापार निवासी जय बहादुर के साथ यह धोखाधड़ी की गई, जिसमें उनसे कुल 2.14 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

झांसे में लेकर रचा गया खेल

पीड़ित जय बहादुर की मुलाकात 17 मार्च 2025 को कोल्हुई निवासी मनीष कुमार से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने कोल्हुई क्षेत्र में एक विवाद मुक्त जमीन होने का दावा किया और भरोसा दिलाया कि वह आसानी से बैनामा करा देगा। आरोप है कि मनीष कुमार ने पूरी तरह झूठा भरोसा देकर पीड़ित को अपने जाल में फंसा लिया।

गोरखपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद: सरेआम युवक पर किया जानलेवा हमला, पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज

पहले से बिक चुकी थी जमीन

जांच में सामने आया कि जिस आराजी संख्या 309 की जमीन का सौदा किया गया था, उसका अनुबंध पहले ही 25 जनवरी 2025 को अनूप यादव के नाम कर दिया गया था। लेकिन यह बात आरोपी ने छिपाई और पीड़ित से पैसे ऐंठ लिए।

बैंक और गूगल पे से ट्रांसफर हुए पैसे

विश्वास में आकर जय बहादुर ने आरोपी के बैंक खाते और Google Pay के जरिए कुल 2.14 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब सच्चाई सामने आई तो पीड़ित के होश उड़ गए और उसे पता चला कि जमीन पहले से ही किसी और के नाम है।

गोरखपुर: हिमंत बिस्वा सरमा का पुतला फूंका, कांग्रेस ने दी बड़ी चेतावनी

पैसे मांगने पर धमकी का आरोप

पीड़ित के अनुसार जब उसने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में 20 मार्च 2026 को जब दोबारा पैसे की मांग की गई तो आरोपी गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देने लगा। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी मनीष कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  10 April 2026, 9:08 PM IST