
प्रतीकात्मक छवि
लखनऊ: बंथरा क्षेत्र के हरेनी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। फरक्का एक्सप्रेस से गिरकर 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान सीतापुर जिले के हरगांव थाना क्षेत्र के नंद्रासन नगवापुर निवासी अंकुल (17) के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, अंकुल करीब 20 दिन पहले अपने बड़े भाई रामराज के साथ दिल्ली नौकरी करने गया था। दोनों बुधवार सुबह फरक्का एक्सप्रेस से वापस घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन जब हरेनी रेलवे स्टेशन के पास पहुंचने वाली थी, तभी अंकुल ने अपने भाई रामराज से टॉयलेट जाने की बात कही और सीट से उठकर डिब्बे में चला गया।
काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो रामराज ने टॉयलेट समेत पूरे कोच में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
इसके बाद रामराज ने यात्रियों से पूछताछ की तो पता चला कि हरेनी स्टेशन के पास एक युवक ट्रेन से गिर गया है।
रामराज ने तुरंत ट्रेन की चेन खींचकर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक ट्रेन अमौसी स्टेशन पहुंच चुकी थी।
इसके बाद वह ऑटो से हरेनी की ओर रवाना हुआ और हादसे की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो हरेनी रेलवे स्टेशन पार करने के करीब 50 मीटर आगे लखनऊ की तरफ रेल पटरी किनारे अंकुल का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला।
जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, अंकुल के पिता विनोद की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। परिवार में उसकी मां के अलावा तीन बड़े भाई और दो छोटी बहनें हैं।
अंकुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
Location : Lucknow
Published : 9 September 2026, 5:06 PM IST
Topics : death Farakka Express Lucknow train accident UP News