
नरेंद्र मोदी और व्लादिमीर पुतिन (Img : Google)
Lucknow : यूपी में आंधी-तूफान और तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई है। पिछले 24 घंटे में राज्यभर में 111 लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा 21 मौतें प्रयागराज में दर्ज की गईं, जबकि संत रविदास नगर (भदोही) में 17 लोगों की जान गई। खराब मौसम के कारण कई जिलों में पेड़ उखड़ गए। बिजली के पोल गिर गए और मकानों को नुकसान पहुंचा।
इस प्राकृतिक आपदा पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शोक संदेश भेजा। अपने संदेश में पुतिन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आए तूफान और चक्रवात के कारण हुई भारी जनहानि और बड़े पैमाने पर हुई तबाही से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। इस आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और प्रियजनों तक मेरी सहानुभूति पहुंचाएं। साथ ही घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
प्रदेश में सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में प्रयागराज, मिर्जापुर और भदोही शामिल हैं। मिर्जापुर में 19 लोगों की मौत हुई, जबकि फतेहपुर में 11 लोगों ने जान गंवाई। उन्नाव और रायबरेली में 6-6, बदायूं में 5 और प्रतापगढ़ में 4 लोगों की मौत हुई।
UP Strom: यूपी में कुदरत का खौफनाक तांडव, 100 की रफ्तार से चली मौत की आंधी ने छीन ली 75 जिंदगियां
इसके अलावा सीतापुर और सोनभद्र में 3-3 लोगों की जान गई। संभल, कानपुर देहात, हरदोई, चंदौली, बरेली और बहराइच में 2-2 लोगों की मौत हुई, जबकि अंबेडकरनगर, बस्ती, कौशांबी, लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर में 1-1 व्यक्ति की मौत दर्ज की गई।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 100 लोगों की मौत आंधी-तूफान से, 8 की आकाशीय बिजली गिरने से, 2 की पेड़ गिरने से और 1 व्यक्ति की मौत बिजली के पोल के नीचे दबने से हुई है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी मजबूती के साथ जनता के साथ खड़ी है। राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Location : Lucknow
Published : 14 May 2026, 9:11 PM IST