Nishu Azad Case: हेट स्पीच, आदतन अपराधी और SC-ST एक्ट की धाराएं जोड़ने पर डटी कांग्रेस

निशु आजाद के पिता संजय कुमार से कथित मारपीट का मामला फिर चर्चा में है। वायरल पॉडकास्ट के बाद कांग्रेस की टीम निशु आजाद के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचेगी। टीम स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर में कड़ी धाराएं जोड़ने की मांग करेगी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 4 September 2026, 12:58 PM IST
google-preferred

New Delhi: निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ कथित मारपीट का मामला एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक पॉडकास्ट वीडियो के बाद विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज द्वारा कथित तौर पर संजय कुमार का सिर फोड़ने की बात कहे जाने का दावा किया जा रहा है। अब इस मामले में कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

थाने पहुंचेगी यूथ कांग्रेस और लीगल सेल

स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस और कांग्रेस की लीगल सेल की टीम निशु आजाद के साथ संसद मार्ग थाने पहुंच रही है। दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लकड़ा और कांग्रेस लीगल सेल के वकील पुलिस से आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करेंगे।

कांग्रेस की कानूनी टीम का कहना है कि मामले में दर्ज एफआईआर में हेट स्पीच, आदतन अपराधी और एससी-एसटी अत्याचार अधिनियम से जुड़ी कड़ी धाराएं भी जोड़ी जानी चाहिए।

राहुल गांधी से मांगी थी मदद

वायरल वीडियो सामने आने के बाद निशु आजाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मदद की अपील की थी। इसके बाद राहुल गांधी और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने भी निशु के समर्थन में आवाज उठाई है। इससे मामला राजनीतिक तौर पर भी चर्चा में आ गया है।

ITI पास फ्रेशर्स ध्यान दें! DRDO में सीधे जॉइनिंग का अवसर, 11 हजार रुपये तक मिलेगा स्टाइपेंड

जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़ा है मामला

बताया जा रहा है कि पूरा विवाद जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन के दौरान का है। आरोप है कि उस दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट हुई थी। हाल में सामने आए पॉडकास्ट में स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर दावा किया कि उन्होंने ही संजय कुमार का सिर फोड़ा था और उन्हें चोट लगी थी, जिसके बाद टांके आए थे।

हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद स्वतंत्र भारद्वाज ने अपने बयान पर सफाई दी है। उनका कहना है कि वीडियो में कही गई बात को संदर्भ से बाहर दिखाया गया और उन्होंने जो भी किया, वह आत्मरक्षा में किया था।

अंतरिक्ष में भारत की नई ऐतिहासिक उड़ान; जानिए EOS-05 उपग्रह की सफल लॉन्च पर क्या बोले ISRO चीफ!

अब पुलिस जांच पर टिकी नजर

मामले में दिल्ली पुलिस का कहना है कि निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। ऐसे में अब कांग्रेस की टीम के थाने पहुंचने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें हैं। एक वायरल वीडियो से शुरू हुआ यह विवाद अब कानूनी और राजनीतिक दोनों मोर्चों पर तूल पकड़ता नजर आ रहा है।

Location :  New Delhi

Published :  4 September 2026, 12:24 PM IST

Advertisement