
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को धमकी
जींद/हरियाणा: हरियाणवी संगीत जगत के चर्चित गायक मासूम शर्मा को जान से मारने की धमकी देने वाला एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और एसटीएफ सक्रिय हो गई है। यह वीडियो अंकित बालियान की हत्या के बाद सामने आया है, जिसमें एक युवक कथित तौर पर मासूम शर्मा को निशाना बनाने की बात करता नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो ‘अंकित बालियान 005’ नाम की सोशल मीडिया आईडी से वायरल किया गया। वीडियो में एक युवक अंकित बालियान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करता है और इसके बाद मासूम शर्मा को धमकी देने की बात कहता दिखाई दे रहा है।
हालांकि पुलिस ने अभी तक वीडियो में किए गए दावों की पुष्टि नहीं की है। शुरुआती जांच में सोशल मीडिया आईडी के फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस और एसटीएफ ने जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वीडियो किसने बनाया, फर्जी आईडी किस डिवाइस से संचालित हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो अपलोड करने वाले अकाउंट और उससे जुड़ी डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वीडियो की वास्तविकता और धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान साफ हो सकेगी।
मासूम शर्मा हरियाणवी संगीत जगत का बड़ा नाम हैं और उन्हें दिवंगत अंकित बालियान का करीबी भी बताया जाता रहा है। अंकित की हत्या के बाद उनके नाम से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
इसी बीच मासूम शर्मा को धमकी देने वाले कथित वीडियो ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चिंता बढ़ा दी है।
अंकित बालियान की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनके परिवार की आर्थिक मदद के नाम पर पोस्ट शेयर करना शुरू कर दिया है।
इन पोस्ट में QR कोड शेयर कर लोगों से 200 से 300 रुपये तक भेजने की अपील की जा रही है। रक्षाबंधन का हवाला देते हुए अंकित के परिवार की सहायता करने की बात कही जा रही है।
हालांकि अंकित के परिवार ने इस तरह की किसी अपील से जानकारी होने से इनकार किया है। इसके बाद पुलिस ने मदद के नाम पर संभावित ऑनलाइन ठगी के एंगल से भी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब दो अलग-अलग मामलों की जांच कर रही है। पहला मामला फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से वायरल धमकी भरे वीडियो का है, जबकि दूसरा मामला अंकित के परिवार की मदद के नाम पर शेयर किए जा रहे QR कोड और पोस्ट से जुड़ा है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कहीं सोशल मीडिया का इस्तेमाल लोगों को गुमराह करने या आर्थिक धोखाधड़ी के लिए तो नहीं किया जा रहा।
मासूम शर्मा हरियाणा के चर्चित गायक, गीतकार और संगीतकार हैं। उनका जन्म 27 मार्च 1991 को हरियाणा के जींद जिले के ब्राह्मणवास गांव में हुआ था।
उन्होंने करीब 2009 में संगीत की दुनिया में कदम रखा और हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। उनका गाना ‘कोठे चढ़ ललकारू’ उन्हें शुरुआती लोकप्रियता दिलाने वाले गीतों में शामिल रहा है।
मासूम शर्मा की पहचान सिर्फ गायक के रूप में नहीं है, बल्कि वह गीत लेखन और संगीत निर्देशन से भी जुड़े रहे हैं। उनके गानों में हरियाणवी संस्कृति, ग्रामीण जीवन, प्रेम, सामाजिक मुद्दों और देसी अंदाज की झलक देखने को मिलती है।
Location : Haryana
Published : 29 August 2026, 12:19 PM IST
Topics : Ankit Baliyan Murder Case Haryana Crime News Haryanvi singer masoom sharma Masoom Sharma Death Threat Social Media Threat Video