
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी (Img : Dynamite News)
देवरिया: विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर और निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूची की बारीकी से जांच कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 22 नवंबर तक प्रत्येक मतदान केंद्र पर आलेख्य निर्वाचक नामावली पढ़कर सुनाई जाए और ग्राम सभा तथा वार्ड स्तर पर बैठक आयोजित कर मतदाताओं को जागरूक किया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत सभी मतदान केंद्रों पर आलेख्य निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जा चुकी है। अब बीएलओ को अपने आवंटित मतदान केंद्र की मतदाता सूची की टेबल टॉप एक्सरसाइज के माध्यम से सूक्ष्मता से जांच करनी होगी।
जांच के दौरान मतदाताओं के नाम, पिता अथवा पति के नाम, उम्र, लिंग और अन्य विवरणों का मिलान किया जाएगा। इसके अलावा 18 वर्ष से कम आयु अथवा असामान्य रूप से अधिक उम्र दर्ज होने, नाम और फोटो के अनुरूप लिंग का उल्लेख नहीं होने, धुंधली या अमानक फोटो तथा एक ही मतदाता के नाम की दोहरी प्रविष्टियों को चिह्नित किया जाएगा।
मतदाता सूची में अनावश्यक चिह्न अथवा गलत फोटो मिलने पर भी नियमानुसार सुधार कराया जाएगा, ताकि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
डीएम ने निर्देश दिया कि 18 से 22 नवंबर के बीच प्रत्येक बीएलओ अपने मतदान केंद्र पर मतदाता सूची पढ़कर सुनाएं। इसके लिए ग्राम सभा और वार्ड स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि मतदाता अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर सकें।
इस पूरी प्रक्रिया की फोटो सहित रिपोर्ट भी उपलब्ध करानी होगी। बीएलओ सुपरवाइजर के साथ एईआरओ और ईआरओ को अभियान की नियमित निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 21 व 22 नवंबर तथा 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान नए मतदाताओं का नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 भरवाए जाएंगे।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान की तैयारियां समय से पूरी करने और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के साथ ही सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया।
Location : Deoria
Published : 18 November 2026, 1:44 PM IST