YouTube यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी, एक टैप में शेयर होगा वीडियो का मनचाहा पार्ट; जानें कैसे?

YouTube एक नए Timestamp Sharing फीचर की टेस्टिंग कर रहा है, जिससे यूजर्स वीडियो के खास हिस्से को सीधे शेयर कर सकेंगे। यह फीचर वीडियो शेयरिंग को आसान और तेज बनाएगा और Clips फीचर को रिप्लेस कर सकता है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 April 2026, 1:10 PM IST

New Delhi: वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म YouTube अपने मोबाइल ऐप के लिए एक नए फीचर पर काम कर रहा है, जो यूजर्स के वीडियो शेयर करने के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी “Timestamp Sharing” नाम के एक नए ऑप्शन की टेस्टिंग कर रही है, जिससे यूजर्स अब वीडियो के किसी खास हिस्से को सीधे शेयर कर पाएंगे।

क्या है Timestamp Sharing फीचर?

इस फीचर की मदद से यूजर्स पूरे वीडियो का लिंक भेजने के बजाय सिर्फ उस हिस्से को शेयर कर सकेंगे, जो उनके लिए महत्वपूर्ण है। यानी अब जिस टाइम से आप वीडियो शेयर करना चाहते हैं, वही हिस्सा सामने वाले के लिए सीधे प्ले होगा। इससे कंटेंट शेयरिंग ज्यादा सटीक और सुविधाजनक बन जाएगी।

पहले कैसे करना पड़ता था शेयर

अब तक अगर किसी वीडियो का खास हिस्सा शेयर करना होता था, तो यूजर्स को लिंक कॉपी करके उसमें टाइम मैन्युअली जोड़ना पड़ता था। कई लोग इसके लिए थर्ड-पार्टी टूल्स का भी इस्तेमाल करते थे। यह प्रक्रिया थोड़ी जटिल और समय लेने वाली थी। लेकिन नए फीचर के आने के बाद यह सब सिर्फ एक टैप में संभव हो जाएगा।

लंबे वीडियो देखने वालों के लिए खास फायदेमंद

यह फीचर खासतौर पर उन यूजर्स के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा, जो लंबे वीडियो जैसे ट्यूटोरियल, इंटरव्यू या एजुकेशनल कंटेंट देखते हैं। अक्सर ऐसे वीडियो में केवल एक खास जानकारी या हिस्सा ही शेयर करना होता है। Timestamp Sharing के जरिए अब यह काम बहुत आसान हो जाएगा।

YouTube Shorts में आया नया AI फीचर, अब एक फोटो से बनाएं पूरा वीडियो; जानिए कैसे

Clips फीचर की जगह ले सकता है नया अपडेट

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह नया फीचर YouTube के मौजूदा Clips फीचर को रिप्लेस कर सकता है या उसके इस्तेमाल को कम कर सकता है। Clips फीचर के जरिए यूजर्स वीडियो के छोटे हिस्से बनाकर शेयर करते थे, लेकिन यह प्रक्रिया थोड़ा लंबी थी। अब कंपनी एक तेज और सरल विकल्प देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि पहले से बनाए गए Clips उपलब्ध रहेंगे, लेकिन भविष्य में क्लिप बनाने का तरीका बदल सकता है।

फिलहाल टेस्टिंग फेज में है फीचर

कंपनी ने अभी इस फीचर के आधिकारिक लॉन्च की तारीख की घोषणा नहीं की है। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी टेस्टिंग मोबाइल ऐप पर शुरू हो चुकी है। उम्मीद है कि आने वाले समय में इसे सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जाएगा।

YouTube से सीखा हाईटेक तरीका, ऐसे करता था कार चोरी: रायबरेली पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय गिरोह

यूजर एक्सपीरियंस होगा बेहतर

यह नया अपडेट वीडियो शेयरिंग को पहले से ज्यादा तेज और आसान बना देगा। खासकर उन लोगों के लिए जो अक्सर वीडियो के खास पलों को दोस्तों या सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं, यह फीचर काफी मददगार साबित होगा।

Location :  New Delhi

Published :  20 April 2026, 1:10 PM IST