AI समिट 2026 से पहले बड़ा बदलाव, बिल गेट्स अब कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। गेट्स फाउंडेशन ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की। अंकर वोरा देंगे संबोधन। जानें पूरा अपडेट और समिट से जुड़ी ताजा जानकारी।

केंद्रित वैश्विक मंच AI समिट (Img source: Google)
New Delhi: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर केंद्रित वैश्विक मंच AI समिट 2026 से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आई है। गेट्स फाउंडेशन ने पुष्टि की है कि माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक Bill Gates अब इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे। फाउंडेशन के भारत कार्यालय ने बताया कि यह फैसला सावधानीपूर्वक विचार के बाद लिया गया है ताकि समिट की प्राथमिकताओं पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा जा सके।
हालांकि, गेट्स की अनुपस्थिति के बावजूद फाउंडेशन की भागीदारी जारी रहेगी। फाउंडेशन के अफ्रीका और भारत कार्यालय के अध्यक्ष अंकर वोरा आज समिट को संबोधित करेंगे। फाउंडेशन ने कहा कि यह बदलाव कार्यक्रम की दिशा और एजेंडा के अनुरूप है।
समिट की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरुआत में बिल गेट्स का नाम कीनोट स्पीकर के रूप में दर्ज था। 19 फरवरी को सुबह 11:50 बजे उनके 12 मिनट के संबोधन का स्लॉट भी तय बताया गया था। बाद में वेबसाइट से उनका नाम हटने के बाद अटकलें तेज हो गईं कि वे कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।
विवाद के बीच गेट्स फाउंडेशन ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर उनकी भागीदारी की पुष्टि की थी और कहा था कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबोधन देंगे। लेकिन अब आधिकारिक रूप से स्पष्ट कर दिया गया है कि वे समिट में उपस्थित नहीं रहेंगे।
— Gates Foundation India (@BMGFIndia) February 19, 2026
भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट का आगाज़, वैश्विक नेता से लेकर टेक दिग्गज होंगे शामिल
AI समिट 2026 एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच है, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े मुद्दों, नवाचारों और वैश्विक साझेदारियों पर चर्चा की जा रही है। इस कार्यक्रम में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, टेक कंपनियों के प्रमुख और नीति निर्माता शामिल हो रहे हैं।
अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अंकर वोरा अपने संबोधन में AI और वैश्विक विकास से जुड़े किन प्रमुख विषयों को रेखांकित करते हैं। फाउंडेशन की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि उनका फोकस समावेशी विकास, डिजिटल समानता और जिम्मेदार AI के इस्तेमाल पर रहेगा।
इस मामले पर जब केंद्रीय मंत्री Ashwini Vaishnaw से प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल किया गया तो उन्होंने इसे व्यक्तिगत निर्णय बताते हुए ज्यादा टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि कौन आ रहा है और कौन नहीं, यह व्यक्तिगत विकल्प है और इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं।
भारत बनेगा AI संवाद का केंद्र, PM मोदी करेंगे Global Impact Summit का उद्घाटन
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी चर्चा रही कि अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी दस्तावेजों में बिल गेट्स का नाम जेफ्री एपस्टीन से जुड़े पुराने संदर्भों में सामने आया था। हालांकि, गेट्स पर किसी भी तरह का आरोप नहीं है और उनके प्रवक्ता पहले ही इन दावों को निराधार बता चुके हैं।