
नई दिल्ली: राजधानी में वायु प्रदूषण की वजह से पहले ही संकट छाया हुआ है, अब छठ से पहले यमुना नदी का प्रदूषण स्तर भी खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है और यह प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है। पानी में अमोनिया की मात्रा काफी ज्यादा बढ़ने की वजह से सफेद झाग की चादर पानी के उपर तैर रही है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार शनिवार को कालिंदी कुंज में एक बार फिर से यमुना नदी में जहरीला झाग नजर आया। नदी की सतह पर सफेद झाग की मोटी चादरें जम गई हैं, जिससे यमुना के तटवर्ती क्षेत्र सफेद झाग में बर्फ जैसा नजर आया आया। हालांकि दिल्ली सरकार द्वारा झाग को हटाने के लिए तमाम इंतजाम कर रही है।
बीजेपी ने AAP को ठहराया जिम्मेदार
बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने केजरीवाल सरकार पर हमला बोला। शहजाद ने कहा, 'दिवाली के अगले दिन जब हम यहां यमुना घाट पर पहुंचे तो हमें नदीं पर एक सफेद मोटी परत दिखाई दी। यहां इस झाग के पीछे का कारण अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी द्वारा किया गया भ्रष्टाचार है। अब छठ पूजा से पहले, वे रासायनिक डिफोमर छिड़क रहे हैं, इसका कारण पिछले 10 वर्षों में 7000 करोड़ रुपये यमुना नदी की सफाई के लिए दिए गए थे वो अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार में खा लिए।
AAP का पलटवार
वहीं दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने यमुना के झाग का ठीकरा यूपी पर फोड़ते हुए कहा, 'केवल कालिंदी कुंज में ही झाग क्यों बनता है? यूपी द्वारा यमुना में प्रदूषण से रहित पानी छोड़ा जा रहा है। दिल्ली सरकार हालात से निपटने के लिए काम कर रही है। आप सरकार भव्य छठ पूजा समारोह की तैयारी कर रही है।'
Published : 2 November 2024, 10:59 AM IST
Topics : DynamiteNews ManojTibrewal NewsDynamite TrendingNews Yamuna pollution कालिंदी कुंज छठ पूजा झाग दिल्ली यमुना