

दिल्ली-एनसीआर के ठंड में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। सुबह और रात के समय तापमान में भारी गिरावट ने जनजीवन को प्रभावित किया है। लोग घरों में सिमटने को मजबूर हैं, जबकि बाहर निकलने पर सर्द हवाओं का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश और कोहरे का अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि 6 जनवरी तक दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि बारिश के कारण ठंड और बढ़ने की संभावना है। रविवार को दिल्ली के कई हिस्सों में घने कोहरे ने दृश्यता को शून्य कर दिया, जिससे यातायात और अन्य गतिविधियों पर असर पड़ा।
उत्तर भारत में व्यापक असर
दिल्ली-एनसीआर के साथ पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे मैदानी राज्यों में भी अगले 24 घंटे में बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, यह स्थिति 10 जनवरी तक बनी रह सकती है।
इसके साथ ही पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले 4-5 दिनों में हल्की से मध्यम बर्फबारी का अनुमान है। 5 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
दिल्ली का तापमान और हवा की स्थिति
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9.05°C और अधिकतम तापमान 20.08°C के आसपास रहेगा। दिनभर बादल छाए रहेंगे, जबकि सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है।
दक्षिण-पूर्व दिशा से चलने वाली हवाओं की गति सुबह 4 किमी प्रति घंटे से शुरू होकर दोपहर तक 8-10 किमी प्रति घंटे तक बढ़ सकती है। शाम और रात में यह गति घटकर 6 किमी प्रति घंटे से कम हो जाएगी।
सावधानी बरतने की सलाह
बारिश, कोहरे और ठंड को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को घर में रहने और आवश्यकता होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। ठंड से बचाव के उपाय अपनाकर बीमारियों से बचा जा सकता है।
सुनिये भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल क्या कह रहे हैं: