
नई दिल्ली: कोहरे और शीतलहर की चपेट में चल रहे उत्तर भारत में बुधवार को ठंड का प्रकोप और बढ़ गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में कुछ जगहों पर तापमान और गिर सकता है। हालांकि, राजधानी दिल्ली में दोपहर में धूप खिलने से लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार कश्मीर घाटी में रात का तापमान अधिकांश इलाकों में शून्य से नीचे रहा। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में यह जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया है।
यूपी में इटावा और आगरा सबसे ठंडे रहे
उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में ठंड और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित है। बुधवार को इटावा और आगरा सबसे ठंडे रहे। यहां का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार और शुक्रवार को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण ठंड और घने कोहरे स्थिति रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार और रविवार को कुछ इलाकों में हल्की बारिश की आशंका है। सुबह और शाम के समय मध्यम कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
बारिश और बर्फबारी की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सप्ताह के अंत में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने और उसके बाद धीरे-धीरे 2-4 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में रात का तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम है।
पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर घना कोहरा
जयपुर में रात का तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर घना कोहरा देखा गया, अमृतसर में दृश्यता शून्य हो गई। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में दृश्यता 80 मीटर तक कम हो गई। हरियाणा के करनाल और अंबाला में भी कोहरा देखा गया।
Published : 9 January 2025, 8:27 AM IST
Topics : Coldwave Delhi Dynamite News FOG Manoj Tibrewal Akash News Dynamite North India uttar pradesh Weather News Weather Update