Weather Update: उत्तर भारत में गर्मी का कहर, दिल्ली-पंजाब में लू का अलर्ट, तापमान 40 डिग्री पहुंचा

दिल्ली और पंजाब में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है, मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, पंजाब समेत कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट

Updated : 7 April 2025, 7:41 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: उत्तर भारत के कई राज्यों में अप्रैल की शुरुआत में ही तापमान में तेजी से इजाफा हुआ है, जिससे गर्मी का प्रकोप साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल और उत्तराखंड में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। खासकर सोमवार से दिल्ली और पंजाब में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह पंजाब के कई शहरों में भी कमोबेश यही हालात हैं। बठिंडा में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि सोमवार को दिल्ली में तापमान 41 डिग्री तक जा सकता है।

दिल्ली में आसमान साफ हो गया है और दिनभर तेज धूप रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, नमी की कमी के कारण लोगों को गर्म हवा का सामना करना पड़ेगा। उच्चतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 और 21 डिग्री रहने की संभावना व्यक्त की गई है।

पंजाब की बात करें तो वहां पटियाला में 38.4, लुधियाना में 38.1 और चंडीगढ़ में 37.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 10 अप्रैल तक पंजाब के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी स्थिति चिंताजनक है। हिमाचल में कई स्थानों पर तापमान 30 डिग्री से ऊपर जा चुका है। मौसम विभाग ने 7 और 9 अप्रैल को अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि की संभावना जताई है। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन जैसे जिलों में गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

अप्रैल के 10 और 11 तारीख को मौसम में परिवर्तन की संभावना है। मौसम विभाग ने हल्की वर्षा और बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। रविवार को प्रदेश के 12 स्थानों पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। अगले कुछ दिनों में प्रदेश के 20 से अधिक स्थानों पर ऐसा ही तापमान बना रह सकता है। हालांकि, मंगलवार से मौसम में बदलाव की उम्मीद है।

Published :  7 April 2025, 7:41 AM IST

Related News

Advertisement