
नई दिल्ली: दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे उत्तर भारतीय राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। यहाँ तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँच गया है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण गुरुवार और शुक्रवार को मौसम में तब्दीली देखने को मिलेगी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, दिल्ली में 8 अप्रैल का दिन पिछले तीन वर्षों में सबसे गर्म रहा, जब अधिकतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री बढ़कर 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, पंजाब के बटिंडा और फरीदकोट में तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। राजस्थान में बाड़मेर और जैसलमेर में भी तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के 27 केंद्रों पर अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचा है। लगातार दो दिनों से राजधानी दिल्ली में लू चलने की वजह से गर्म हवाएं महसूस की जा रही हैं। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लू चलने की चेतावनी दी है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
राजस्थान में अप्रैल में जून जैसी गर्मी ने जनजीवनी पर प्रभाव डाल दिया है। इसके अलावा, पंजाब के कई जिलों में भी लू चलने की संभावना जताई गई है। बुधवार दोपहर को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएँ चलने की संभावना है।
पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज बदला है। देहरादून और उसके आसपास के क्षेत्रों में तेज धूप के बाद आंशिक बादल छाने लगे हैं। मंगलवार को उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में हल्की बूंदाबांदी हुई। जम्मू-कश्मीर में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिला, जहां पहाड़ों पर बारिश हुई और श्रीनगर के अधिकांश निचले क्षेत्रों में बादल छाए रहे।
Published : 9 April 2025, 7:57 AM IST
Topics : Dynamite News heat wave in delhi Heat wave in up North Indian states temperature update of IMD uttar pradesh weather in Punjab Weather News Weather Update