
नई दिल्ली: हॉलीवुड से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। मशहूर अभिनेता जीन हैकमैन और उनकी पत्नी बेट्सी अराकावा न्यू मैक्सिको स्थित अपने घर में मृत पाए गए हैं। सांता फे पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है। इन दोनों के अलावा, उनके पालतू कुत्ते का शव भी घटनास्थल पर मिला है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवादाता के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि ऑस्कर विजेता मशहूर अभिनेता जीन हैकमैन और उनकी पत्नी बीते कल यानी बुधवार को अपने न्यू मैक्सिको स्थित घर में मृत पाए गए। हालांकि, मौत की परिस्थितियों के बारे में अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
सांता फे काउंटी शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता डेनिस एविला ने कहा कि बुधवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:45 बजे घर की जांच करने के अनुरोध पर पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने देखा कि हैकमैन, उनकी पत्नी बेट्सी अराकावा और कुत्ता मृत हैं। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी कारणों की तहकीकात कर रही है।
जीन हैकमैन के निधन की खबर से हॉलीवुड जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। जीन हैकमैन हॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित अभिनेताओं में से एक थे। उन्होंने अपने करियर में दो बार ऑस्कर पुरस्कार जीता। जीन हैकमैन और बेट्सी अराकावा की शादी 1991 में हुई थी। बेट्सी एक शास्त्रीय पियानो वादक थीं और दोनों ने अपने जीवन का अधिकांश समय न्यू मैक्सिको में बिताया।
Published : 27 February 2025, 6:06 PM IST
Topics : Betsy Arakawa Dead body Dynamite News Gene Hackman hollywood Hollywood world New Mexico house Oscar Award police