
Voting in MP: मध्य प्रदेश की छह लोकसभा सीटों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। इस दौरान मतदाताओं में मतदान को लेकर काफी उत्साह देखा गया है। सभी लोग बढ़-चढ़कर अपने मतादिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ के मुताबिक मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और अधिकांश स्थानों पर शाम छह बजे समाप्त होगा। मतदान के चलते सुरक्षा कारणों से नक्सल प्रभावित बालाघाट संसदीय क्षेत्र के बैहर, लांजी और परसवाड़ा में सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
छह निर्वाचन क्षेत्रों में 88 उम्मीदवार - 81 पुरुष और सात महिलाएं चुनाव मैदान में हैं। जबलपुर में सबसे ज्यादा 19 उम्मीदवार हैं जबकि शहडोल में सबसे कम दस उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
मतदाताओं के लिए खास व्यवस्थाएं
जिन 13,588 मतदान केन्द्रों पर मतदान हो रहा है, उनमें से 1,118 केन्द्रों की प्रभारी महिला अधिकारी हैं. छह निर्वाचन क्षेत्रों में पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 1,13,09, 636 (57,20,780 पुरुष, 55,88,669 महिला और 187 ट्रांसजेंडर) है।
गर्मी के मौसम को देखते हुए मतदान केंद्रों पर छाया, पानी और ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) की व्यवस्था की गई है।
मतदान केन्द्रों पर हेलीकॉप्टर और एयर एंबुलेंस तैनात
नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले में एक हेलीकॉप्टर तैनात किया गया है, जबकि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जबलपुर में एक एयर एम्बुलेंस को भी उपलब्ध कराया गया है।
राज्य में नवंबर 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में 77.82 फीसदी मतदान हुआ था। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में राज्य में 61.57 फीसदी मतदान हुआ था। 2019 के आम चुनाव में प्रतिशत बढ़कर 71.16 हो गया।
Published : 19 April 2024, 1:30 PM IST
Topics : Facilities Lok Sabha Election Madhya Pradesh Voters voting मतदाताओं मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव वोट व्यवस्थाएं