Site icon Hindi Dynamite News

पांचवें चरण का मतदान शुरू, राहुल, सोनिया, राजनाथ के भाग्य का होगा फैसला

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया।
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
पांचवें चरण का मतदान शुरू, राहुल, सोनिया, राजनाथ के भाग्य का होगा फैसला

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर मंगलवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। इस चरण के मतदान के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन प्रमुख सोनिया गांधी, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी और कई दिग्गज नेताओं का भाग्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन(ईवीएम) में लॉक हो जायेगा।

मतदाता शाम पांच बजे तक मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े एवं व्यापक इंतजाम किए हैं। पश्चिम बंगाल में इस चरण में सभी मतदान केंद्रों पर राज्य पुलिस के बजाय केंद्रीय बलों की तैनाती की गयी है। इस चरण में 674 उम्मीदवार चुनावी समर में हैं।

पांचवे चरण में कुल आठ करोड़ 75 लाख 88 हजार 722 मतदाता वोट डाल सकेंगे। इनमें चार करोड़ 63 लाख तीन हजार 342 पुरुष, चार करोड़ 12 लाख 83 हजार 166 महिला और 2,214 किन्नर मतदाता हैं। मतदान के लिए 96 हजार 88 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। इस चरण की समाप्ति के साथ ही लोकसभा की 425 सीटों के लिए मतदान संपन्न हो जायेगा तथा शेष 118 सीटों के लिए दो चरणों में 12 और 19 मई को वोट डाले जायेंगे। 

इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14, राजस्थान की 12, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश की सात-सात, बिहार की पांच, झारखंड की चार और जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग समेत दो सीटों के लिए मतदान हो रहा है। सुरक्षा कारणों से अनंतनाग सीट पर तीन चरणों में मतदान कराया जा रहा है। 

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से मैदान में हैं, जहां उनका मुकाबला केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार स्मृति ईरानी से है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ सीट से फिर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए नेता एवं अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में श्री सिंह से मुकाबले में है। रायबरेली सीट से श्रीमती सोनिया गांधी एक बार फिर अपनी चुनावी किस्मत आजमा रही हैं। उनके खिलाफ भाजपा की ओर से दिनेश प्रताप सिंह चुनाव मैदान में उतरे हैं। 

पांचवें चरण में जिन अन्य प्रमुख नेताओं का भाग्य दांव पर लगा है, उनमें जयपुर ग्रामीण से केंद्रीय मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ (भाजपा)और पूर्व ओलंपियन कृष्णा पुनिया, केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा(हजारीबाग), अर्जुन राम मेघवाल (बीकानेर), झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा (खूंटी), पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी(सारण) और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी(बैरकपुर) शामिल हैं।(वार्ता)

Exit mobile version