
लखनऊ: वीआइपी ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस के यात्री भी भीषण गर्मी का शिकार हो गए। शनिवार को अयोध्या से लखनऊ होकर आनंद विहार जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की एसी चेयरकार बोगी का एसी काम नहीं कर रहा था। ट्रेन लखनऊ पहुंची तो यात्रियों ने नाराजगी जताई।
मौके पर पहुंची आरपीएफ से उसकी नोकझोंक भी हुई। करीब 20 मिनट की देरी से लखनऊ से वंदे भारत एक्सप्रेस रवाना हो सकी। ट्रेन नंबर 22425 अयोध्या-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस अयोध्या से शनिवार दोपहर 03:20 बजे रवाना हुई थी। इसकी बोगी सी-3 में शुरू से ही कूलिंग नहीं हो रही थी। यात्रियों ने इसकी शिकायत कोच अटेंडेंट से की।
ट्रेन शाम 5:15 बजे लखनऊ पहुंची तो सुधांशु मिश्र सहित अन्य यात्रियों ने प्लेटफार्म पर उपस्थित आरपीएफ और अन्य कर्मचारियों से इसकी शिकायत की। उन्होंने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस में शुरू से ही दिक्कत थी। इस गडबड़ी को दूर नहीं किया जा रहा था।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार लखनऊ में यात्रियों ने सी-3 बोगी के गेट को बंद नहीं होने दिया। इस पर लोको पायलट ने यात्रियों को मनाने की कोशिश की। स्टेशन निदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता मौके पर आए थे। उनके समझाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
Published : 26 May 2024, 12:20 PM IST
Topics : AC Fail passengers ruckus Vande Bharat Express अयोध्या एसी दिल्ली यात्री वंदे भारत एक्सप्रेस