
देहरादून: उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव के मतदान की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। राज्य में 100 नगर निकायों के लिए 23 जनवरी को होने वाले मतदान से 48 घंटे पहले प्रचार अभियान का शोर भी थम गया है। मतदान 23 जनवरी को सुबह आठ बजे से प्रारंभ होकर शाम पांच बजे तक चलेगा।
डाइनामाइट न्यूज़ संवादाता के अनुसार उत्तराखंड में 100 नगर निकायों के लिए 23 जनवरी को मतदान होने हैं। इसके लिए राज्य में कुल 1515 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें कुल बूथों की संख्या 3394 है। मतदान को सहजता से संपन्न कराने के लिए 3394 पोलिंग पार्टियां आज यानी बुधवार को रवाना हो गई।
उत्तराखंड में 11 नगर निगम, 43 नगर पालिका परिषद व 46 नगर पंचायतों के चुनाव की प्रक्रिया 27 जनवरी को नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ शुरू हुई थी। महापौर के 72, अध्यक्ष के 445 और पार्षद व सदस्य के 4888 प्रत्याशियों को तीन जनवरी को चुनाव चिह्न आवंटन के बाद प्रचार अभियान ने राज्य में गति पकड़ी थी, जो कि कल यानी 23 जनवरी को होने वाले मतदान से 48 घंटे पहले मंगलवार शाम पांच बजे प्रचार अभियान का शोर थम गया।
मतदान को संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं
मतदान को संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियां बुधवार को रवाना हो गईं। मतदान के लिए राज्य में कुल 1515 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और पोलिंग पार्टियों में शामिल किए गए कार्मिकों की संख्या 16284 है। निकायों में मतदाताओं की कुल संख्या 30.29 लाख है। मतदान 23 जनवरी को सुबह आठ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक चलेगा।
91 निकायों में चुनाव लड़ रही कांग्रेस
प्रदेश में 100 नगर निकायों के लिए हो रहे चुनाव में प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस प्रत्याशियों और उनके साथ दिग्गज नेताओं ने कई वार्डों के गली-मोहल्लों में प्रचार किया। बता दें कि, कांग्रेस 91 निकायों में चुनाव लड़ रही है। इस बार पार्टी 11 नगर निगमों में महापौर के पद पर अधिक जोर लगा रही है। पिछले निकाय चुनाव में भी कुल आठ में से दो नगर निगमों कोटद्वार और हरिद्वार में ही कांग्रेस के महापौर थे।
Published : 22 January 2025, 7:33 PM IST
Topics : Chairman candidates Dynamite News election symbols Mayor Candidates municipal elections Nagar Panchayat polling Polling parties Uttarakhand News voting