Site icon Hindi Dynamite News

मैक्सिको से आने वाले घुसपैठियों को ट्रंप की चेतावनी.. अमेरिका भर चुका है, वापस मुड़ जाओ

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 2020 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के अभियान में मैक्सिको-अमेरिकी सीमा की बड़ी भूमिका मानते हैं। अमेरिका में बड़ी संख्या में घुसपैठियों के आने को ट्रंप राष्ट्रीय आपातकाल की संज्ञा देते हैं।
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
मैक्सिको से आने वाले घुसपैठियों को ट्रंप की चेतावनी.. अमेरिका भर चुका है, वापस मुड़ जाओ

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अवैध प्रवासियों के मुद्दे पर लगातार मुखर रहे हैं। साथ ही वह 2020 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान को इस मुद्दे से मजबूती देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

ट्रंप अमेरिकी सीमा पर तैनात बॉर्डर पैट्रोल एजेंट्स से मिलने कैलेक्सिको शहर पहुंचे थे। जहां सैनिकों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अवैध प्रवासियों की बढ़ती संख्‍या हमारे तंत्र पर भारी पड़ रही है। हम ऐसा नहीं होने दे सकते।

इस दौरान सीमापार मैक्सिको के मैक्सिकैली शहर में प्रदर्शन रहे लोगों से कहा कि अमेरिका अवैध अप्रावासियों से पूरी तरह भर चुका है। हम अब और लोगों को यहां नहीं रख सकते। बेहतर होगा कि आप वापस लौट जाएं। इसी दौरान हाथों में अमेरिका और मेक्सिको के झंडे उठाए विरोध प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारी कह रहे थे कि, परिवारों को अलग करना बंद करो और अगर आपने दीवार बनाई तो मेरी पीढ़ी इसे तोड़ देगी।

वहीं दूसरी ओर अमेरिकी सीमा में दर्जनों लोग ट्रंप का समर्थन कर रहे थे, यह लोग ट्रंप के बॉर्डर पर दीवार बनाए जाने का समर्थन कर रहे थे।  

वहीं ट्रंप ने वाशिंगटन से रवाना होने से पहले भी कहा कि वह अपनी पिछली चेतावनियों से मैक्सिकन अधिकारियों को मनाने में सफल हुए हैं। जिससे उन्होंने उत्तर की ओर जाने वाले प्रवासियों को रोका है। 

गौरतलब है कि ट्रंप ने मैक्सिको सीमा पर दीवार बनाने के लिए फंड जुटाने के लिए इमरजेंसी का ऐलान फरवरी में किया था। उन्होंने कहा था कि अगर अमेरिकी संसद दीवार के लिए 5.7 बिलियन डॉलर नहीं देती है तो फिर से सरकार का शटडाउन करेंगे। हालांकि, बाद में देश के रक्षा विभाग ने दीवार के लिए 1 अरब डॉलर की रकम जारी कर दी थी।

Exit mobile version