देवरिया में अतिक्रमण हटाने पर मचा बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

देवरिया में बुधवार को बवाल हो गया। नगर पालिका टीम के साथ अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम व मछली बेचने वालों के बीच विवाद हो गया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 29 January 2025, 9:25 PM IST
google-preferred

देवरिया: यूपी के देवरिया के स्टेशन रोड स्थित मछली हट्टा में बुधवार को बवाल हो गया। नगर पालिका टीम के साथ अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम व मछली बेचने वालों के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने लाठियां भांजी तो मछली विक्रेताओं ने पुलिस टीम पर पथराव किया।

पथराव से कुछ पुलिस कर्मियों को हल्की चोटें आ गई तो पुलिस के लाठी भांजने से मछली बेचने वाली कई महिलाएं घायल हो गई। मौके पर आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। बवाल की सूचना पर सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उधर पुलिस के महिलाओं पर लाठी भांजने व पुलिस पर पथराव का वीडियो वायरल हो रहा है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार नगर पालिका की टीम पुलिस बल के साथ शहर के स्टेशन रोड स्थित मछली हट्टा में अतिक्रमण हटाने पहुंची। मछली बेच रही महिलाओं से टीम की कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पुलिस ने महिलाओं पर हल्का बल प्रयोग किया। जिसके बाद मछली बेचने वाली महिलाएं उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव करने लगी। जिसके बाद पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू कर दी। जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पथराव से कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। जबकि पुलिस की पिटाई से मछली बेचने वाली तीन महिलाएं भी घायल बताई जा रहीं है। बवाल की सूचना पर पुलिस व पीएसी भी बुला ली गई।