हिंदी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 13 सीटों पर हुए चुनाव में सभी 13 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। निर्वाचन अधिकारी बृजभूषण दुबे ने बृहस्पतिवार को दोपहर 3 बजे नामांकन वापसी का अंतिम समय समाप्त होने के बाद सभी प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा की।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार विधान परिषद के चुने गए सदस्यों में भाजपा के डॉ. महेंद्र सिंह, विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया, मोहित बेनीवाल, संतोष सिंह, धर्मेंद्र सिंह और रामतीरथ सिंघल निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
वहीं अपना दल एस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल, रालोद के योगेश चौधरी और सुभासपा के बिच्छेलाल रामजी भी निर्विरोध निर्वाचित हुए। डॉ. महेंद्र सिंह तीसरी बार, पाठक, कटारिया और आशीष दूसरी बार सदस्य निर्वाचित हुए हैं। सपा से शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली, बलराम यादव और किरनपाल कश्यप निर्वाचित हुए हैं।
निर्वाचन अधिकारी दुबे ने नव निर्वाचित सदस्यों को उनके प्रमाण पत्र सौंपे। उन्होंने बताया कि नवनिर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल 6 मई से प्रभावी होगा और 5 मई 30 तक रहेगा।
विधान परिषद में अब कांग्रेस के बाद बसपा की सदस्य संख्या भी शून्य हो जाएगी। बसपा के एक मात्र सदस्य डॉ. भीमराव आंबेडकर का कार्यकाल 5 मई को समाप्त हो जाएगा।
भाजपा के सदस्य घटे, सपा के बढ़े
विधान परिषद में 6 मई 2024 को भाजपा के सदस्यों की संख्या घटकर 82 से 79 हो जाएगी। जबकि सपा की सदस्य संख्या 8 से बढ़कर 10 हो जाएगी।
Published : 14 March 2024, 5:28 PM IST
Topics : Legislative Council Lucknow Members Elected UP Vidhan Parishad uttar pradesh उत्तर प्रदेश निर्विरोध निर्वाचित लखनऊ विधान परिषद सदस्य