
लखनऊ: स्वामी प्रसाद मौर्य के त्यागपत्र देने से रिक्त हुई विधान परिषद सीट के उपचुनाव में भाजपा के बहोरन लाल मौर्य निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। यह सीट विधानसभा कोटे की है।
विधानसभा सदस्यों की संख्या के हिसाब से इस सीट पर भाजपा की जीत पहले से तय थी, इस कारण मुख्य विपक्षी दल सपा ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था। शुक्रवार को नाम वापसी का समय समाप्त होने के बाद भाजपा प्रत्याशी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
केवल बहोरन लाल मौर्य ने भरा था पर्चा
स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा के साथ ही इस वर्ष 20 फरवरी को विधान परिषद की सदस्यता से त्यागपत्र दिया था। उनका कार्यकाल छह जुलाई, 2028 तक था। इस रिक्त सीट के उपचुनाव के लिए दो जुलाई को नामांकन के अंतिम दिन भाजपा ने बरेली की भोजीपुरा के पूर्व विधायक बहोरन लाल मौर्य को पर्चा भरवाया था।
चूंकि, उनका एकमात्र नामांकन आया था, इसलिए शुक्रवार को नाम वापस लेने का समय समाप्त होने के बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित करने के साथ ही जीत का प्रमाण पत्र भी दे दिया गया।
विधान परिषद में सदस्यों की स्थिति
अब विधान परिषद में भाजपा के 79 सदस्य हो गए हैं। सपा के 10 सदस्य हैं। अपना दल (सोनेलाल), निषाद पार्टी, रालोद, सुभासपा, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक, शिक्षक दल (गैर राजनीतिक) के एक-एक सदस्य हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार निर्दलीय समूह व निर्दलीय दोनों के दो-दो सदस्य हैं। परिषद में एक सीट रिक्त है। यह सीट सांसद बने जितिन प्रसाद के त्यागपत्र देने से रिक्त हुई है। यह मनोनीत कोटे की है ऐसे में इस सीट पर चुनाव कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनका कार्यकाल 26 सितंबर 2027 तक था।
Published : 5 July 2024, 9:14 PM IST
Topics : Bahoran Lal Maurya bjp MLC Election uttar pradesh उत्तर प्रदेश एमएलसी चुनाव निर्विरोध बहोरन लाल मौर्य भाजपा