
लखनऊ: यूपी सरकार ने कानपुर पुलिस हत्याकांड के मास्टरमाइंड और मुठभेड़ में मारे गये गैंगस्टर विकास दुबे के खास साथी जयकांत बाजपेई की सम्पत्तियों की जाँच ईडी और आयकर विभाग से कराने के लिए पत्र लिखा है। साथ ही दोनों विभागों द्वारा इस मामले मे की गई कारवाई के पूरे विवरण से सरकार को अवगत कराने को भी कहा गया है।
गौरतलब है की कानपुर के बिकरू कांड की जाँच में जयकांत बाजपेई का नाम सामने आया है। उसके पास अपराधी विकास दुबे की करोड़ो रूपये की सम्पत्ति होने की बात भी सामने आई है। इस मामले मे कानपुर पुलिस ने जयकांत के खिलाफ मुकदमा संख्या- 192/20, धारा-147, 148, 149, 307, 302, 395,412,120 बी और 7 सीएलए के तहत मामला भी दर्ज किया है।
शासन द्वारा इस मामले की जाँच दोनो विभागों से कराने का फैसला सोमवार रात लिया गया। जिसके बाद दोनों विभागों को सरकार द्वारा पत्र लिखा गया है।
दूसरी ओर जांच में ये बात भी सामने आई थी की जयकांत बाजपेई और उससे जुड़े लोगों के पास भारी मात्रा में अवैध असलहे भी हैं। सभी 29 हथियारों के निरस्तीकरण के लिये 31 जुलाई की तारीख तय हुई है। इस मामले में भी सभी को कोर्ट द्वारा नोटिस भेजा जा चुका है।
Published : 28 July 2020, 9:42 AM IST
Topics : अवैध इनकम टैक्स उत्तर प्रदेश कानपुर पुलिस हत्याकांड जय वाजपेयी जांच प्रवर्तन निदेशालय विकास दुबे संपत्ति सरकार