हिंदी
नई दिल्ली: एमसीडी चुनाव संपन्न हुए एक माह से ज्यादा समय हो चुका है लेकिन दिल्ली को अभी तक नया मेयर नहीं मिल सका। मेयर चुनाव के लिये दिल्ली नगर निगम की दो बार की बैठक भी हुई लेकिन दोनों ही बार भारी हंगामे के कारण मेयर का चुनाव न हो सका। समयबद्ध तरीके से दिल्ली मेयर का चुनाव कराने के लिये आम आदमी पार्टी (आप) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है, जिस पर शीर्ष अदालत 3 फरवरी को सुनवाई करेगा।
आम आदमी पार्टी की मेयर पद की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय ने मेयर चुनाव कराने की मांग को लेकर गुरूवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। जिसे सुप्रीम कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है, सुप्रीम कोर्ट इस मामले पर 3 फरवरी को सुनवाई करेगा।
सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में आम आदमी पार्टी ने समयबद्ध और उचित तरीके से मेयर चुनाव कराने का आदेश जारी करने मांग की है।
बता दें कि दिल्ली नगर निगम का चुनाव 4 दिसंबर को संपन्न हुआ था, जिसका परिणाम 7 दिसंबर को आया था। आम आदमी पार्टी ने एमसीडी चुनाव में 250 में से 134 सीटों पर जीत हासिल की और भाजपा को हराकर नगर निगम की सत्ता में आई। भाजपा को 104 सीटों पर जीत हासिल हुई।
आम आदमी पार्टी ने मेयर पद के लिए शैली ओबेरॉय को उतारा है जबकि बीजेपी ने रेखा गुप्ता को। दो बार मेयर चुनाव के लिये बैठक हुई लेकिन भारी हंगामे के कारण मेयर चुनाव न हो सका।
Published : 27 January 2023, 12:09 PM IST
Topics : Aam Aadmi Party bjp Delhi Mayor Election MCD Supreme Court नई दिल्ली मेयर चुनाव शैली ओबेरॉय सुप्रीम कोर्ट